केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू व अन्य 
झारखंड

पश्चिम एशिया संकट पर सतर्कता की अपील : नायडू ने कहा, भारत के लिए फिलहाल चिंता नहीं

वैश्विक अनिश्चितता के बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का आश्वासन, यात्रा लागत नियंत्रण में

Santosh Sharma

रांची : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने बुधवार को चेतावनी दी कि देश को पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के किसी भी संभावित दुष्परिणाम से निपटने के लिए सतर्क और तैयार रहना चाहिए, हालांकि 'फिलहाल यह भारत के लिए चिंताजनक नहीं है'।

मंत्री नायडू ने रांची की अपनी पहली यात्रा के दौरान कहा कि नागरिक उड्डयन सहित हर क्षेत्र को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और नागरिकों और देश पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए सक्रिय रूप से योजना बनानी चाहिए।

उन्होंने कहा, फिलहाल हालात भारत के लिए चिंताजनक नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद हमें सर्तक रहने की जरूरत है। नागरिक उड्डयन सहित हर क्षेत्र को इस संकट के संभावित प्रभावों का आकलन कर उससे निपटने के लिए अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक रणनीतियां तैयार करनी चाहिए।

वैश्विक अनिश्चितता के बीच यात्रा लागत में वृद्धि को लेकर चिंताओं पर नायडू ने कहा कि केंद्र ने घरेलू यात्रियों को किसी भी तरह के बोझ से बचाने के लिए पहले ही उपाय शुरू कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने हवाई अड्डों पर 'लैंडिंग' और 'पार्किंग' शुल्क के साथ-साथ विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) की कीमतों में भी कमी की है ताकि किराए को स्थिर किया जा सके और विमानन क्षेत्र को समर्थन दिया जा सके।

पिछले सप्ताह दिल्ली सरकार ने ATF पर मूल्य वर्धित कर को 25 प्रतिशत से घटाकर सात प्रतिशत कर दिया था।

उन्होंने कहा, घरेलू मार्गों पर प्रतिदिन लगभग पांच लाख यात्री यात्रा करते हैं। हम हवाई किरायों पर लगातार नजर रख रहे हैं। अगर मांग बढ़ती है, तो संपर्क व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा अतिरिक्त विमानों को सेवा में लगाया जाएगा।

नायडू ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के संदर्भ में बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी तथा जवाबदेह तरीके से की जा रही है तथा यह अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि विमान में कई देशों के यात्री सवार थे, इसलिए यह जांच अंतरराष्ट्रीय स्तर की है। इसकी अंतिम रिपोर्ट जल्द ही जारी की जाएगी जो पूरी तरह निष्पक्ष होगी।

केंद्रीय मंत्री ने रांची हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई पहलों की शुरुआत की। इनमें 'उड़ान यात्री कैफे' भी शामिल है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को कम कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।

नायडू ने देश के कई अन्य हवाई अड्डों पर इस पहल की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हवाई यात्रा को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और आरामदायक बनाना है।

इससे पहले, रांची पहुंचने पर नायडू का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ हवाई अड्डे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर रवाना हुए।

SCROLL FOR NEXT