रांची : झारखंड के रांची में 16 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उससे दुष्कर्म करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है तथा दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता अपनी 13 वर्षीय सहेली के साथ 10 जुलाई को घर से बाहर निकलने के बाद लापता हो गई थी।
उन्होंने बताया कि यह मामला रविवार को उस समय सामने आया जब पीड़िता की सहेली आरोपियों के चंगुल से भाग निकली और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़िता की दोस्त सुरक्षित बच गयी।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को बचाया।
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नीरज कुमार ने बताया, हमने इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पीड़िता को रविवार को एक घर से बचाया गया तथा सोमवार को उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध कबूल किया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों वयस्कों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने जांचकर्ताओं को बताया कि आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर रखा और दो दिनों तक उसका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने पीड़िता को 'क्लोरोफॉर्म' सुंघाकर बेहोश करने के बाद उसका अपहरण किया था। पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज की।