नकाबपोश हमलावरों ने दुकान के भीतर घुसकर ऑटोमैटिक हथियार से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं 
देश/विदेश

चंडीगढ़ में दिनदहाड़े मेडिकल स्टोर में फायरिंग, कैशियर की मौत, गैंगस्टर एंगल की जांच

कुमार मेडिकल स्टोर पर हमले को लेकर रंगदारी और गैंगस्टर कनेक्शन की जांच तेज, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम उछला, पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

चंडीगढ़: देश के सबसे व्यवस्थित और खूबसूरत शहरों में गिने जाने वाले चंडीगढ़ में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। सेक्टर-11 स्थित चर्चित कुमार मेडिकल स्टोर में रविवार दोपहर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने शहर को झकझोर कर रख दिया। नकाबपोश हमलावरों ने दुकान के भीतर घुसकर ऑटोमैटिक हथियार से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिसमें कैशियर जानकी दास (45) की मौत हो गई।

ग्राहक बनकर आए, फिर बरसाईं गोलियां

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। दो हमलावर चेहरे पर मास्क लगाकर ग्राहक बनकर मेडिकल स्टोर में दाखिल हुए। कुछ देर तक सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करने के बाद उन्होंने अचानक हथियार निकाले और काउंटर पर बैठे कैशियर को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महज कुछ सेकंड में करीब 13 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जानकी दास को तुरंत पीजीआई अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना के कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हमलावर दुकान के अंदर प्रवेश करते हैं और फिर प्वाइंट ब्लैंक रेंज से ऑटोमैटिक गन से फायरिंग कर देते हैं। गोलीबारी के बाद दुकान में अफरा-तफरी मच जाती है और ग्राहक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं।बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाहर बाइक पर इंतजार कर रहा था।

हिमाचल के रहने वाले थे मृतक

मृतक जानकी दास मूल रूप से हिमाचल के रोहड़ू निवासी थे। वर्तमान में वह चंडीगढ़ के धनास क्षेत्र में रह रहे थे और कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनकी पत्नी पंचायत चुनाव जीतकर प्रधान बनी थीं।

रंगदारी और गैंगस्टर कनेक्शन की जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमलावर किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाने आए थे, लेकिन गोलियां कैशियर को लग गईं। हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

गौरतलब है कि कुमार मेडिकल स्टोर के संचालकों को पहले भी कथित तौर पर रंगदारी से जुड़े धमकी भरे कॉल मिल चुके हैं। इसी वजह से जांच एजेंसियां इस घटना को गैंगस्टर नेटवर्क से जोड़कर भी देख रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से इस हमले की जिम्मेदारी लेने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

क्या कहना है पुलिस का?

चंडीगढ़ पुलिस के एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि दो हमलावर मास्क पहनकर दुकान के अंदर पहुंचे और ऑटोमैटिक हथियार से फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद वे बाहर इंतजार कर रहे अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT