अहमदाबादः पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद (आईआईएमए) के दुबई परिसर के सभी 35 छात्रों को यहां के मुख्य परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया है। पिछले साल सितंबर में शुरू किए एक वर्षीय एमबीए पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रहे ये छात्र युद्ध छिड़ने के समय स्पेन में इंटर्नशिप कर रहे थे।
एक सूत्र ने बताया, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण संस्थान के अधिकारियों ने छात्रों को दुबई वापस ले जाने के बजाय सीधे संस्थान के अहमदाबाद परिसर में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।’’ यह निर्णय छात्रों के शैक्षणिक कार्यक्रम को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, दुबई में स्थिति सामान्य होने तक अहमदाबाद स्थित आईआईएम परिसर में ये छात्र व्यक्तिगत रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अपना पाठ्यक्रम जारी रखेंगे। दुबई के ‘क्राउन प्रिंस’ शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने सितंबर 2025 में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में आईआईएमए के पहले विदेशी परिसर का उद्घाटन किया था।