समृद्धि महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा 
देश/विदेश

अमरावती : समृद्धि महामार्ग पर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

नागपुर से मुंबई जा रही तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, समृद्धि महामार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और गति सीमा पालन पर फिर उठे सवाल

अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में रविवार को समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। नागपुर से मुंबई की ओर जा रही तेज रफ्तार कार धामणगांव रेलवे तहसील क्षेत्र में आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा कार के अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराने के कारण हुआ। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक छोटी बच्ची शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी मृतक महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के रहने वाले और एक ही परिवार के सदस्य थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

समृद्धि महामार्ग की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद समृद्धि महामार्ग पर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे और अन्य निगरानी व्यवस्था होने के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से गति सीमा का सख्ती से पालन कराने, निगरानी बढ़ाने और सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT