

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में 'गुमशुदा' लिखे पोस्टर लगाए गए। फिरोजशाह रोड समेत विभिन्न स्थानों पर लगे इन पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उन्हें 'गुमशुदा' बताया गया है। हालांकि, पोस्टर किसने लगवाए हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है क्योंकि इनमें किसी संगठन या व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राहुल गांधी की कथित विदेश यात्राओं को लेकर लगातार उन पर निशाना साध रही है। भाजपा का आरोप है कि महत्वपूर्ण राजनीतिक मौकों पर राहुल गांधी अक्सर विदेश चले जाते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके लिए LoP (Leader of Opposition) का मतलब अब "Leader of Paryatan and Partying" हो गया है।
पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों की तुलना में विदेश यात्राओं और छुट्टियों को अधिक महत्व देते हैं। उनका आरोप था कि जब संसद सत्र, चुनाव या पार्टी को उनके नेतृत्व की जरूरत होती है, तब वह अक्सर विदेश चले जाते हैं।
उन्होंने कहा, *"राहुल गांधी हमेशा छुट्टियों के मूड में रहते हैं। उन्हें लोगों, संसद और देश से ज्यादा घूमना-फिरना पसंद है।
भाजपा प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की कार्यशैली की तुलना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 9,000 से अधिक दिनों के सार्वजनिक जीवन में बिना छुट्टी लिए काम किया है।
पूनावाला ने दावा किया कि जहां प्रधानमंत्री मोदी सेवा और काम के प्रति समर्पण का उदाहरण हैं, वहीं राहुल गांधी बार-बार विदेश यात्राओं के कारण राजनीतिक जिम्मेदारियों से दूर दिखाई देते हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दिल्ली में राहुल गांधी के 'गुमशुदा' पोस्टर किसने लगाए हैं। पोस्टरों पर किसी संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं होने के कारण इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले पर कांग्रेस की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।