नई दिल्ली : सरकारी तेल विपणन कंपनियां (OMCs) जल्द ही 10 किलोग्राम के हल्के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर का दायरा बढ़ाने की तैयारी में हैं। फिलहाल यह सिलेंडर सीमित स्तर पर घरेलू ग्राहकों के लिए उपलब्ध है, लेकिन अब इसे छोटे कारोबारियों और अन्य वाणिज्यिक (कमर्शियल) उपभोक्ताओं तक भी पहुंचाने की योजना है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद यह सिलेंडर गैस एजेंसियों और चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स पर कमर्शियल एलपीजी दरों पर उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस पहल का सबसे अधिक लाभ उन उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिन्हें कम मात्रा में एलपीजी की आवश्यकता होती है। इनमें प्रवासी मजदूर, किराये के मकानों में रहने वाले लोग, छात्र, रेहड़ी-पटरी विक्रेता, छोटे कैफे और फूड कियोस्क संचालक शामिल हैं। इनके लिए 19 किलोग्राम का पारंपरिक कमर्शियल सिलेंडर भारी और कम सुविधाजनक होता है, जबकि 10 किलोग्राम का सिलेंडर अधिक व्यावहारिक विकल्प साबित हो सकता है।
वर्तमान में यह हल्का कंपोजिट सिलेंडर इंडियनऑयल के इंडेन एक्स्ट्रालाइट, एचपीसीएल के एचपी गैस ओजस और बीपीसीएल के भारतगैस लाइट ब्रांड के तहत सीमित स्तर पर घरेलू ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
10 किलोग्राम का कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर आधुनिक कंपोजिट तकनीक से तैयार किया जाता है और इसमें तीन परतों का उपयोग होता है। यह पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में करीब 50 प्रतिशत हल्का होता है, जिससे इसे उठाना, ले जाना और ऊपरी मंजिलों तक पहुंचाना काफी आसान हो जाता है।
इसके अलावा, इसका बाहरी हिस्सा पारदर्शी होता है, जिससे बिना किसी अलग गेज के ही सिलेंडर में बची गैस का स्तर देखा जा सकता है। इससे उपभोक्ता समय रहते रीफिल की योजना बना सकते हैं और गैस खत्म होने की परेशानी से बच सकते हैं।