OpenAI ने भारत में अपने विस्तार को नई गति देते हुए प्राभजीत सिंह को भारत का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है 
बिजनेस

OpenAI ने भारत के लिए नियुक्त किया पहला MD, प्रभजीत सिंह संभालेंगे कमान

कंज्यूमर ग्रोथ, एंटरप्राइज अपनाने और नियामकीय मामलों पर फोकस के साथ OpenAI भारत में AI इकोसिस्टम मजबूत करने और व्यवसायों व आम उपभोक्ताओं तक तकनीक पहुंचाने की रणनीति पर काम करेगा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की अग्रणी कंपनी OpenAI ने भारत में अपने विस्तार को नई गति देते हुए प्रभजीत सिंह को भारत का मैनेजिंग डायरेक्टर (Managing Director) नियुक्त किया है। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। सितंबर से कार्यभार संभालने वाले प्राभजीत सिंह भारत में OpenAI के सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे और कंपनी की ग्रोथ, साझेदारियों, सरकारी संवाद और परिचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

कंपनी के अनुसार, प्रभजीत सिंह भारत में कंज्यूमर ग्रोथ, एंटरप्राइज अपनाने, रणनीतिक साझेदारियों, नियामकीय मामलों और संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य भारत में AI इकोसिस्टम को मजबूत करना और व्यवसायों, संस्थानों, सरकारी एजेंसियों तथा आम उपभोक्ताओं तक AI तकनीक की पहुंच बढ़ाना होगा।

एशिया-पैसिफिक टीम को करेंगे रिपोर्ट

OpenAI ने बताया कि प्रभजीत सिंह सितंबर में कंपनी से जुड़ेंगे और एशिया-पैसिफिक (APAC) के मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मणि को रिपोर्ट करेंगे। भारत कंपनी के लिए सबसे अहम बाजारों में शामिल है और यह नियुक्ति देश में OpenAI के बढ़ते निवेश का हिस्सा है।

Uber से OpenAI तक का सफर

प्रभजीत सिंह इससे पहले Uber में भारत और दक्षिण एशिया के अध्यक्ष (President) के रूप में कार्यरत थे। प्रभजीत सिंह 2015 में Uber से जुड़े और कंपनी के भारत कारोबार को तेजी से विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समय-समय पर हेड ऑफ स्ट्रेटजी, जनरल मैनेजर, रीजनल डायरेक्टर और अंततः भारत एवं दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट जैसे अहम पद संभाले।

साल 2020 में उन्हें Uber India एवं South Asia का प्रेसिडेंट बनाया गया। इस दौरान उन्होंने भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में कंपनी के मोबिलिटी बिजनेस का नेतृत्व किया और कई नई रणनीतियों के जरिए कारोबार को मजबूत किया। वे आईआईटी खड़गपुर और आईआईएम अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने वर्ष 2005 में वैश्विक निवेश बैंक Lehman Brothers से की, जहां उन्होंने लंदन में सीनियर एनालिस्ट के रूप में काम किया।

McKinsey में 10 साल तक निभाई अहम भूमिका

वर्ष 2006 में उन्होंने वैश्विक कंसल्टिंग फर्म McKinsey & Company जॉइन की। लगभग एक दशक के दौरान उन्होंने वित्तीय सेवाओं, टेलीकॉम और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी से जुड़े 30 से अधिक बड़े ग्राहकों और कंपनियों के सीईओ के साथ काम किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल बैंकिंग, पेमेंट सिस्टम और फाइनेंशियल इनोवेशन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया।

भारत पर OpenAI का बढ़ता फोकस

OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन पिछले कुछ समय से भारत को AI के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बताते रहे हैं। कंपनी ने नवंबर 2025 में नई दिल्ली में अपना पहला कार्यालय खोला था और तब से भारतीय डेवलपर समुदाय, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के साथ साझेदारियां लगातार बढ़ा रही है। इसी वर्ष इंडिया AI समिट के दौरान सैम ऑल्टमैन ने भारत में AI तकनीक को तेजी से अपनाए जाने की खुलकर प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि भारत इंफ्रास्ट्रक्चर, AI मॉडल और एप्लिकेशन जैसे पूरे AI स्टैक में निवेश कर रहा है, जो आने वाले समय में देश को AI आधारित नवाचार और उद्यमिता का वैश्विक केंद्र बना सकता है।

OpenAI में क्या होगी जिम्मेदारी?

OpenAI में प्रभजीत सिंह भारत में कंपनी की कंज्यूमर ग्रोथ, एंटरप्राइज अपनाने, रणनीतिक साझेदारियों, नियामकीय मामलों और संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका प्रमुख लक्ष्य भारत के AI इकोसिस्टम को मजबूत करना और व्यवसायों, सरकारी संस्थाओं, डेवलपर्स तथा आम उपभोक्ताओं तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की पहुंच को और व्यापक बनाना होगा।

मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान

प्रभजीत सिंह को 2023 में आईआईएम अहमदाबाद की ओर से यंग एलुमनाई अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा The Economic Times ने उन्हें देश के उभरते कॉर्पोरेट नेताओं और उद्यमियों की प्रतिष्ठित '40 अंडर 40' सूची में भी शामिल किया था।

SCROLL FOR NEXT