तेजस्वी यादव के खिलाफ LJPR का विरोध प्रदर्शन 
बिहार

'तेजस्वी यादव को माफी मांगनी होगी', रामविलास पासवान के लिए 'बेचारा' शब्द पर बिफरी LJPR

बिहार विधानसभा में हंगामा; LJPR ने RJD पर पार्टी संस्थापक का अपमान करने का आरोप लगाया

पटना : बिहार विधानसभा में सोमवार को उस समय हंगामा शुरू हो गया जब सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)(LJPR) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर पूर्व केंद्रीय मंत्री, दिवंगत रामविलास पासवान का अपमान करने का आरोप लगाया जबकि मुख्य विपक्षी दल ने वंचित जातियों के लिए आरक्षण बढ़ाकर 85 प्रतिशत करने की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शांति बनाए रखने की अपील के बावजूद हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोजपा (रामविलास) के विधायकों ने राजद से माफी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि राजद के एक सदस्य ने हाल में पार्टी अध्यक्ष के दिवंगत पिता रामविलास पासवान का अपमान किया।

यह विवाद बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत द्वारा पिछले सप्ताह सदन में राम विलास पासवान के संदर्भ में ‘बेचारा’ शब्द के प्रयोग से जुड़ा है। संयोग से, कुमार सर्वजीत स्वयं दलित हैं। लोजपा (रामविलास) ने रविवार को इस टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया और विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का पुतला फूंका।

सोमवार को जब पत्रकारों ने कुमार सर्वजीत से सवाल किया, तो उन्होंने कहा, लोजपा (रामविलास) केंद्र में भाजपा नीत सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अधिकारों पर किए जा रहे हनन से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। चिराग पासवान चुप्पी साधे हुए हैं। मैंने कहा था कि अगर दिवंगत रामविलास पासवान जीवित होते तो स्थिति इस हद तक नहीं पहुंचती।

कार्यवाही शुरू होते ही लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा,राजद सदस्य की टिप्पणी विपक्षी दल की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। हम अपने राजनीतिक मार्गदर्शक के अपमान के लिए माफी की मांग करते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल जारी रखने का फैसला किया, लेकिन शून्यकाल के दौरान लोजपा (रामविलास) ने फिर से माफी की मांग उठाई। इसके जवाब में राजद विधायकों ने वंचित जातियों के लिए आरक्षण बढ़ाकर 85 प्रतिशत करने की मांग वाले नारे लिखे पोस्टर लहराए। हंगामा जारी रहने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।

SCROLL FOR NEXT