पटना : पुलिस ने जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) के प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ शनिवार को बिहार बंद के दौरान पटना में प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होने पर हिरासत में ले लिया।
यादव पटना के रामगुलाम चौक पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुए, जिसके कुछ देर बाद ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया।
पुलिस द्वारा ले जाए जाने से पहले वाहन का दरवाजा पकड़े यादव ने कहा, हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जरूरत पड़ी तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हूं।
इस संबंध में पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। यादव ने प्रदर्शन में शामिल होकर बंद को अपना समर्थन दिया था।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने प्रदर्शन में शामिल होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग दोहराई।
अधिकारियों ने बताया कि NEET प्रश्नपत्र लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राज्यव्यापी बंद के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने शनिवार को बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई।
पुलिस ने बताया कि बंद का राज्यभर में मिलाजुला असर रहा। पटना में पथराव की घटनाएं हुईं, जबकि नालंदा, नवादा, जहानाबाद और रोहतास में बंद का बहुत कम असर देखने को मिला।