जमुई : बिहार के जमुई जिले में डायन होने के अंधविश्वास के चलते एक महिला का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना जिले के चकाई थाना क्षेत्र के टोला थम्हन गांव की है। मृतका की पहचान गांव की रहने वाली दया देवी उर्फ कुसुम देवी के रूप में हुई है।
जमुई पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, मृतका की बहू ने मंगलवार को चकाई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नौ वर्षीय शिवम कुमार की बीमारी से उसी दिन मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपियों ने बच्चे की मौत के लिए दया देवी को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें डायन बताने लगे।
शिकायत के मुताबिक, बच्चे की मौत के बाद आरोपियों ने महिला के परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और महिला का अपहरण कर उसे पास के जंगल में ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छापेमारी शुरू की और मुख्य आरोपी टिंकू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बाद में महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया था। टीम ने घटनास्थल से कथित तौर पर टिंकू शर्मा की खून से सनी कमीज और एक लकड़ी का डंडा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान पिनू शर्मा, कामदेव शर्मा, कुंदन मंडल, नीतीश शर्मा, चंदन कुमार, सनातन शर्मा, जयप्रकाश शर्मा और गुड्डू मिस्त्री के रूप में हुई है। सभी जमुई जिले के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।