पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक एवं सांख्यिकी अभियान ‘भारत की जनगणना 2027’ की मुख्यमंत्री सचिवालय से डिजिटल माध्यम से शुरुआत की और राज्यवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना सुशासन की आधारशिला है, जो आगामी वर्षों में विकास योजनाओं, नीतियों और कल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 तकनीकी दृष्टि से एक ऐतिहासिक पहल है। इसमें पहली बार पूर्णतः डिजिटल डेटा संग्रहण तथा स्व-गणना की सुविधा शुक्रवार से एक मई तक उपलब्ध रहेगी।
चौधरी ने कहा कि राज्य में जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य दो मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे स्व-गणना के माध्यम से अथवा प्रगणकों को सहयोग देकर एक सटीक, समावेशी और विश्वसनीय जनगणना सम्पन्न कराने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि ‘जनगणना-2027’ बिहार एवं देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगी।
इससे पहले सुबह में मुख्यमंत्री जेपी गंगा पथ पर आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वहां कहा कि महिला सशक्तिकरण बिहार सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला सशक्तीकरण केवल नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार द्वारा धरातल पर लागू की जा रही एक ठोस नीति है।
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ सीधे तौर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उपस्थित महिलाओं ने राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और सरकार के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने भी महिलाओं के उत्साहपूर्ण स्वागत का अभिवादन स्वीकार किया।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं, जैसे स्वयं सहायता समूहों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता संबंधी कार्यक्रमों पर संतोष व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें : निशांत कुमार ने सम्राट चौधरी को बताया ‘बड़ा भाई’