पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा और अगले 20 वर्षों में बिहार इतना आगे बढ़ जाएगा कि अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त कर लेगा।
मुख्यमंत्री पटना में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के 71वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों में 14 करोड़ बिहारवासियों की प्रगति के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाया जाना चाहिए।बिहार में उद्योगों का व्यापक विस्तार करना सरकार का लक्ष्य है और इसमें बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में बिहार के 1.87 करोड़ लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्यक्ष रोजगार से जोड़ा गया है। दुनिया के कई देश तकनीक के क्षेत्र में आगे हो सकते हैं, लेकिन बैंकिंग सेवाओं के मामले में भारत अग्रणी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के माध्यम से सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन भारत में हो रहा है। प्रधानमंत्री की जन-धन योजना के माध्यम से गरीबों की बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित हुई है और देश में बैंकिंग व्यवस्था अब पूरी तरह डिजिटल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ना आवश्यक है। मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर तथा दीघा से कोईलवर तक 39 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण की परियोजनाओं के लिए सरकार उसी संस्था से ऋण लेगी, जहां कम ब्याज दर पर वित्त उपलब्ध होगा, क्योंकि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार के विभिन्न हिस्सों में 12 टाउनशिप विकसित कर रही है, जिनमें लगभग एक लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष निवेश होगा। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र से बिहार के विकास में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, पटना सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। समारोह में उपस्थित बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।