नीतीश कुमार 
बिहार

बिहार : नीतीश कुमार की पार्टी ने बनाया इतिहास

सदस्यता अभियान 2025–28 के तहत 1 करोड़ 1 हजार 925 प्राथमिक सदस्य जुटाने के बाद जदयू ने बिहार में जनाधार बढ़ने का संदेश दिया, कार्यकर्ताओं की सक्रियता को पार्टी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

पटना : बिहार के सत्तारूढ़ NDA में प्रमुख सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने प्राथमिक सदस्यों की संख्या में एक इतिहास रचा है। JDU का दावा है कि उसके प्राथमिक सदस्यों की संख्या 1 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई है।

JDU के प्रमुख नीतीश कुमार बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद लगातार संगठन पर ध्यान दे रहे हैं। JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बुधवार को इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि 1 करोड़ से अधिक सदस्यों वाले JDU परिवार में आपका स्वागत है।

झा ने JDU के प्राथमिक सदस्यों की संख्या 1 करोड़ होने की जानकारी सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, हमें बताते हुए खुशी है कि JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा 6 दिसंबर 2025 को शुरू किए गए 'जदयू सदस्यता अभियान 2025–28’ के तहत 1 करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाने के पहले लक्ष्य को 6 महीने से भी कम समय में हासिल कर लिया गया है।

झा ने आगे बताया कि 2 जून तक पार्टी के प्राथमिक सदस्यों की कुल संख्या 1 करोड़ 1 हजार 925 हो चुकी है। JDU नेता ने इसके लिए प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए बूथ स्तर तक चलाए जा रहे 'जदयू सदस्यता अभियान' को सफल बनाने में सक्रियता से जुटे सभी कार्यकर्ता साथियों का अभिनंदन किया।

उन्होंने लिखा, अपने जनप्रिय नेता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पार्टी बिहार परिवार की सेवा करने तथा बिहारवासियों की अपेक्षाओं पर निरंतर खरा उतरने के लिए संकल्पित और प्रतिबद्ध है।

JDU का सदस्यता अभियान की शुरुआत पार्टी के शीर्ष नेता नीतीश कुमार के नेतृत्व में की गई थी। अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और नए लोगों को पार्टी से जोड़ना था। पार्टी का कहना है कि अभियान को राज्यभर में अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला और कार्यकर्ताओं ने गांव से लेकर शहर तक सक्रिय भागीदारी निभाई।

SCROLL FOR NEXT