बिहार

मोदी ने कहा - सुशासन, विकास व लोक कल्याण की भावना की विजय

बिहार चुनाव नतीजों में NDA को स्पष्ट बहुमत पर मोदी ने जनता व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया

Badrinath Shaw

नई दिल्ली : बिहार में एनडीए ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। भाजपा व अन्य सहयोगी दल के कार्यकर्त्ता जीत का जश्न मना रहे हैं। बस अब चुनाव आयोग की ओर से जीत की औपचारिक घोषणा देर है। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया 'X' पर ट्वीट करते हुए बिहार की जनता का धन्यवाद किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का भी हौसला बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने लिखा "सुशासन की विजय हुई है। विकास की विजय हुई है। लोक कल्याण की भावना की विजय हुई है। सामाजिक न्याय की विजय हुई है। बिहार के परिवारजनों के प्रति मेरी हार्दिक कृतज्ञता, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विजय का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति देगा।"

उन्होंने आगे लिखा मैं NDA के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।

उन्होंने विकास की बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार चुनाव के दौरान अपनी रैली में जंगलराज शब्दों से महागठबंधन पर हमलावर थें। उन्होंने जनता से स्पष्ट कहा था कि किसी भी कीमत में बिहार में जंगलराज को वापस नहीं आने देना है। मोदी जी के भाषण के प्रभाव के रूप में इस जीत को देखा जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT