खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिले में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश बुद्दीन मियां को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मियां, जिले के 10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात करीब दो बजे बेलदौर थाना क्षेत्र की दिघौन पंचायत के सुखायबासा गांव में कार्रवाई की गई।उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष कार्य बल (एसटीएफ), जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) और बेलदौर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की लेकिन पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वह कथित तौर पर गोलीबारी करते हुए भागने लगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। दिघौन गांव का निवासी बुद्दीन मियां के खिलाफ बेलदौर थाने में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
SP के अनुसार, पुलिस अब सहरसा और मधेपुरा जिलों के विभिन्न थानों से उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें : दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा अब CISF के हवाले