दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा अब CISF के हवाले

बिहार का तीसरा संरक्षित हवाई अड्डा बना
दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा अब CISF के हवाले
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

दरभंगा : रणनीतिक रूप से संवेदनशील उत्तर बिहार में विमानन सुरक्षा को मजबूत करते हुए दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा का दायित्व औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंप दिया गया। एयरपोर्ट परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में इस नई सुरक्षा व्यवस्था की शुरुआत की गई। इसके साथ ही दरभंगा देश का 72वां तथा बिहार का पटना और गया के बाद तीसरा ऐसा हवाई अड्डा बन गया है, जो CISF सुरक्षा कवच के दायरे में आ गया है।

समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, CISF महानिदेशक वीर रंजन, बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दरभंगा एयरपोर्ट पर पहले चरण में CISF के 145 जवानों की तैनाती की गई है। नेपाल सीमा के करीब स्थित होने के कारण यह एयरपोर्ट रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। सीमा पार तस्करी, ड्रोन गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए यहां उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

यह एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना स्टेशन परिसर में सिविल एन्क्लेव के रूप में संचालित होता है, इसलिए यहां विशेष विमानन सुरक्षा की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। CISF द्वारा यात्रियों और सामान की आधुनिक जांच प्रणाली, निगरानी तंत्र, प्रवेश नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली लागू की जाएगी।

सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), बम निरोधक दस्ते (BDS) और विस्फोटक पहचान में प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है।

उड़ान योजना के तहत तेजी से विकसित हो रहे दरभंगा एयरपोर्ट ने उत्तर बिहार की हवाई कनेक्टिविटी को नई पहचान दी है। पिछले कुछ वर्षों में यहां यात्रियों की संख्या में तेज वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिली है।

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं होगा। मिथिला क्षेत्र संवेदनशील है और CISF की तैनाती से लोगों को मजबूत सुरक्षा कवच मिलेगा।”

वहीं CISF महानिदेशक वीर रंजन ने कहा कि CISF आधुनिक तकनीक और वैश्विक सुरक्षा मानकों के जरिए यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

दरभंगा में तैनाती के साथ ही अब CISF बिहार में 11 महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा संभाल रहा है, जिससे राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं की सुरक्षा और अधिक मजबूत हुई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in