पटना : बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधान परिषद के सभागार में आयोजित समारोह में कार्यकारी सभापति रामवचन राय ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव सहित राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। समारोह में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हुए।
विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हाल ही में चुनाव कराए गए थे। इनमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल थीं। चुनाव में निर्वाचित सभी आठ सदस्यों के नाम बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग की ओर से 17 नवंबर को जारी राजपत्र में प्रकाशित किए गए थे। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी नवनिर्वाचित सदस्य औपचारिक रूप से विधान परिषद के सदस्य बन गए।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों में पटना से जनता दल यूनाइटेड (जदयू )के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की। दरभंगा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद ) के अनिल कुमार झा, तिरहुत से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी और कोसी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डॉ. एनके यादव निर्वाचित हुए।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों में पटना से राजद के डॉ. संजीव कुमार, दरभंगा से जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय, तिरहुत से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण से निर्दलीय डॉ. राहुल राज ने जीत हासिल की।
इन चुनावों में राजद को दो सीटों का फायदा हुआ। पार्टी के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और अनिल कुमार झा ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की।
जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की अपनी सीट बरकरार रखी। पार्टी के नीरज कुमार ने एक बार फिर इस सीट पर जीत हासिल की। भाजपा को भी दो सीटें मिलीं। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एनके यादव ने दोबारा जीत दर्ज की, जबकि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 12 साल बाद फिर से चुनाव जीतने में सफलता हासिल की।
जन सुराज पार्टी को दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत मिली। उसके उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय विधान पार्षद निर्वाचित हुए। वहीं, दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. राहुल राज विजयी रहे। दोनों निर्दलीय उम्मीदवारों को भाजपा का समर्थन प्राप्त था।
हालांकि, दोनों निर्दलीय सदस्यों के भाजपा में शामिल होने को लेकर विवाद भी हुआ था। जन सुराज पार्टी, राजद और कांग्रेस ने विधान परिषद के सभापति से उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, इन मांगों को खारिज कर दिया गया। इसके बाद सोमवार को सभी आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने विधान परिषद की सदस्यता की शपथ ली।