फाइल फोटो 
बंगाल

झारखंड के पूर्व CM अर्जुन मुंडा की मां का निधन

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक

Santosh Sharma

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर सोमवार को गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा (92) का सोमवार तड़के जमशेदपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के कारण उन्हें करीब एक पखवाड़े पहले जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर मिलते ही दोनों राज्यों के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। कई वरिष्ठ नेताओं ने मुंडा परिवार से संपर्क कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपना शोक संदेश साझा करते हुए लिखा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनकी ममता जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होती है। उनका निधन परिवार के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

अपने संदेश में सम्राट चौधरी ने आगे ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि भगवान दुख की इस कठिन घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके शोक संतप्त परिजनों तथा समर्थकों को यह असहनीय पीड़ा सहने का धैर्य और संबल प्रदान करें।

गौरतलब है कि सायरा मुंडा का जीवन बेहद सादगीपूर्ण रहा और उन्होंने परिवार को हमेशा संस्कारों से जोड़े रखा। उनके निधन से पूरे मुंडा परिवार और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है। उनका अंतिम संस्कार पारिवारिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया जाएगा, जिसमें कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

SCROLL FOR NEXT