

नदियां केवल बारिश के पानी से नहीं चलतीं। बारिश बंद होने के बाद भी जब नदी बहती रहती है, तो उसके पीछे जमीन के भीतर मौजूद भूजल का बड़ा सहारा होता है। यही पानी धीरे-धीरे रिसकर नदी में जाता है और उसे साल भर जिंदा रखता है। लेकिन जब भूजल का स्तर लगातार गिरता है, तो नदियों का यह प्राकृतिक सहारा कमजोर होने लगता है। आईआईटी गांधीनगर के शोधकर्ताओं ने 1961 से 2021 तक के 60 वर्षों के आंकड़ों के आधार पर 18 नदी बेसिनों के 227 केंद्रों का अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि करीब 30 प्रतिशत केंद्रों पर भूजल से नदी में जाने वाले पानी यानी आधार प्रवाह में साफ गिरावट आई है, जबकि लगभग 8 प्रतिशत केंद्रों पर इसमें बढ़ोतरी देखी गई।
बारिश का जो पानी सीधे बहकर नदी में जाता है, वह सतही प्रवाह है, जबकि जो हिस्सा जमीन में सोख लिया जाता है और धीरे-धीरे नदी व नालों में पहुंचता है, उसे आधार प्रवाह कहते हैं। गर्मियों में जब बारिश नहीं होती, तब यही पानी नदी को सूखने से बचाता है, छोटी धाराओं को सहारा देता है और पानी में रहने वाले जीवों को बचाए रखता है। इसलिए नदी की सेहत का अंदाजा सिर्फ बारिश या जलस्तर से नहीं लगाया जा सकता, बल्कि यह भी देखना होगा कि उसे जमीन के नीचे से कितना पानी मिल रहा है।
शोध में सामने आया कि गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी बड़ी नदियों के कई केंद्रों पर कुल पानी में भूजल की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से अधिक रही। इसका मतलब है कि ये नदियां केवल मानसून पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि भूजल से भी बड़ी ताकत पाती हैं। अध्ययन में गंगा, ब्रह्मपुत्र, कृष्णा, महानदी, माही और नर्मदा के कई केंद्रों पर 10 से 25 प्रतिशत तक गिरावट दिखी, जबकि कावेरी और पेन्नार जैसी कुछ दक्षिणी नदियों के केंद्रों पर यह गिरावट 30 प्रतिशत से भी ज्यादा रही। वहीं, कावेरी, ब्राह्मणी और सुवर्णरेखा के कुछ हिस्सों तथा सिंधु बेसिन के कुछ केंद्रों पर बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। इससे साफ होता है कि एक ही नदी बेसिन के अलग-अलग हिस्सों में हालात एक जैसे नहीं होते, इसलिए हर जगह के लिए स्थानीय आंकड़ों और सही वैज्ञानिक समझ की जरूरत है।
भूजल और नदी के इस रिश्ते को कमजोर करने में सबसे बड़ी भूमिका जरूरत से ज्यादा भूजल निकालने की है। भारत में खेती, खासकर धान और गेहूं जैसी ज्यादा पानी मांगने वाली फसलों के कारण भूजल पर भारी दबाव पड़ता है। केंद्रीय भूजल बोर्ड के 2025 के आकलन के मुताबिक, देश में वार्षिक दोहन योग्य भूजल 407.75 अरब घन मीटर है, जिसमें से 247.22 अरब घन मीटर निकाला जाता है यानी दोहन का स्तर 60.63 प्रतिशत है। इसका लगभग 87 प्रतिशत हिस्सा सिंचाई में, 11 प्रतिशत घरेलू कामों में और 2 प्रतिशत उद्योगों में जाता है। किसानों के लिए फसल बचाने का आसान रास्ता नलकूप हैं, इसलिए केवल पानी कम चलाने की अपील काफी नहीं है। फसल बदलने, कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने, सिंचाई के बेहतर तरीकों और ऐसी नीतियों की जरूरत है जिनसे पानी बचाने पर किसानों का नुकसान न हो। इसके साथ ही बदलते मौसम और जलवायु परिवर्तन ने भी चुनौती बढ़ाई है। अध्ययन में देखा गया कि अल नीनो के दौरान आधार प्रवाह कम और ला नीना के दौरान अपेक्षाकृत अधिक रहा। मानसून में लंबे सूखे अंतराल भी भूजल भरने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं। हालांकि अलग-अलग जगहों पर गिरावट की वजह सिर्फ एक कारण नहीं हो सकता—इसमें भूजल निकासी, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव, शहरीकरण, पेड़ों की कटाई, बांधों का संचालन और बदलता तापमान भी शामिल हैं।
बिहार के लिए यह अध्ययन खासतौर पर अहम है, क्योंकि यहां का जीवन गंगा और कोसी, गंडक, सोन, पुनपुन, बूढ़ी गंडक व महानंदा जैसी नदियों से जुड़ा है। बिहार में बाढ़ और गर्मियों में पानी की कमी दोनों अलग-अलग स्थितियां हैं। अगर बारिश का पानी तेजी से बहकर निकल जाए और जमीन में न समाए, तो भूजल का भंडार कमजोर रह सकता है। 2025 के आकलन के अनुसार बिहार में दोहन योग्य भूजल 31.32 अरब घन मीटर है और कुल निकासी 14.47 अरब घन मीटर यानी 46.20 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से कम है। फिर भी राज्य के अलग-अलग जिलों और इलाकों में हालात अलग हो सकते हैं, इसलिए नियमित जांच जरूरी है। बिहार की पुरानी जल परंपराएं जैसे आहर-पाइन, तालाब और पोखर बारिश का पानी रोककर जमीन में उतारने में बहुत मददगार रही हैं। इन्हें फिर से जिंदा करना, शहरों के तालाबों व जल निकासी के रास्तों को अतिक्रमण से बचाना, वर्षा जल संचयन अपनाना और बाढ़ के मैदानों व आर्द्रभूमियों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
अक्सर नदी बचाने की बात सिर्फ बांध, तटबंध, गाद निकालने या बाढ़ रोकने तक सीमित रह जाती है। लेकिन नदी केवल ऊपर बहती धारा नहीं है, बल्कि वह अपने आसपास की जमीन, जंगल, मिट्टी, आर्द्रभूमि और भूजल से जुड़ी एक पूरी व्यवस्था है। सरकारों और स्थानीय समुदायों, खासकर पंचायतों व ग्रामसभाओं को मिलकर काम करना होगा ताकि तालाबों की देखभाल हो, पानी का हिसाब रखा जाए, शहरों में भूजल की अंधाधुंध निकासी रुके और खेती में पानी का समझदारी से इस्तेमाल हो। नदियों को लंबे समय तक जीवित रखना है, तो ऊपर दिखने वाली धारा के साथ-साथ जमीन के नीचे छिपे भूजल को बचाना भी उतना ही जरूरी है।(युवराज) कुमार कृष्णन