कहां जाएं धन्वंतरि ?

बाल कथा
 बाल कथा
धन्वं​​तरिAI Generated Image
Published on: 

'धन्वंतरि को तो पाना ही चाहिए'

देवताओं और दैत्यों ने मिलकर समुद्र मंथन किया। तय हुआ था कि जो भी वस्तुएं समुद्र से निकलेंगी, आधी-आधी बांट लेंगे किंतु सारी ही वस्तुएं देवता हड़पने लगे। दैत्य परेशान थे, क्या करें। तभी समुद्र से धन्वंतरि निकले। पता चला, वह जड़ी-बूटियों के ज्ञाता हैं। औषधियों के निर्माण में प्रवीण हैं। दैत्यों ने सोचा, ‘अमृत न मिला, न सही। धन्वंतरि को तो पाना ही चाहिए।‘ बस, उन्हें पाने के लिए दैत्य और देवताओं में होड़ लग गई। दोनों चाहते थे, धन्वंतरि उन्हीं के पास रहें।

माया

इस विवाद में कई दिन निकल गए। भगवान विष्णु कुछ और ही सोच रहे थे। उन्हें पता था, यदि धन्वंतरि दैत्यों के खेमे में चले गए तो दैत्य तन-मन से सदा निरोग रहने लगेंगे। निरोग रहने से उनकी शक्ति देवताओं से अधिक हो जाएगी। कुछ सोच कर उन्होंने अपनी माया को बुलाया। उसे दैत्य सुंदरी के रूप में दैत्यों के गुरु शुक्राचार्य के पास भेज दिया। शुक्राचार्य भी काफी परेशान थे। वह इस बार दैत्यों की हार नहीं देखना चाहते थे।

‘धन्वंतरि हमें नहीं चाहिए'

दैत्य सुंदरी के वेश में आई माया ने शुक्राचार्य से कहा, ‘भगवन, अब दैत्यों की विजय निश्चित है। देव-गुरु बृहस्पति बेहद चिंतित हैं। उन्हें भय है कि यदि धन्वंतरि को देवता पा लेंगे तो उनका प्रभाव खत्म हो जाएगा। इसी कारण वह देवताओं से कह रहे हैं, धन्वंतरि दैत्यों को सौंप दो।‘ यह सुन कर शुक्राचार्य भी चिंता में घिर गए। सोचने लगे कि दैत्य तो शुरू से ही लम्पट और धूर्त हैं। मुझे भी तभी तक मानते हैं, जब तक मैं उन्हें व्याधियों से बचाता हूं। क्या पता धन्वंतरि को पाकर वे मुझे भूल ही जाएं।‘ बस, उन्होंने घोषणा कर दी, ‘धन्वंतरि हमें नहीं चाहिए। देवता उन्हें ले जाएं।‘ देवता प्रसन्न हो उठे। इंद्र धन्वंतरि को देव-वैद्य बना कर अमरावती ले गए। यही धन्वंतरि आयुर्वेद शास्त्र के जन्मदाता हैं। इन्हें भगवान धन्वंतरि कह कर पुकारा जाता है। (उर्वशी)

नरेंद्र देवांगन

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News