सही सलाह

बाल कथा
 बाल कथा
कहानीAi Generated Image
Published on: 

दो सौ साल पहले की बात है। उन दिनों रांची एक बहुत छोटी सी जगह थी। पूरा रांची एक गांव जैसा था। आज जिस इलाके को उपर बाजार कहा जाता है, वहीं पर तब पदारथ साब का घर था। पदारथ साब बड़े धार्मिक आदमी थे।

एक रात वह कथा सुन कर घर लौटे। सोचने लगे, किसी तरह भगवान को खुश किया जाए। उन्होंने कथा वाचक से सुना था, ‘जो भगवान को निरंतर याद करते हैं, भगवान उनसे खुश रहते हैं।‘

‘दिन-रात में चौबीस घंटे होते हैं। दिन भर काम-धाम करना पड़ता है। रात को नींद आ जाती है। फिर भगवान को निरंतर याद कैसे किया जा सकता है?‘ रात भर यही सोचते रहे वह। सुबह उठ कर घर छोड़, पहाड़ी की ओर चल पड़े। वह एक टीले पर बैठ कर भगवान का नाम जपने की सोच रहे थे, तभी उनकी नजर एक साधु पर पड़ी। साधु उन्हीं की ओर आ रहे थे। पदारथ साब ने साधु को प्रणाम किया। साधु ने उनसे वहां आने का कारण पूछा। पदारथ साब ने बताया, ‘मैं भगवान को खुश करना चाहता हूं। उन्हें निरंतर याद करने के लिए ही यहां आना पड़ा।‘

‘अच्छा आप यह बताइए, आपका एक लड़का दिन-रात पिता जी, पिता जी, करता रहे और काम न करे, क्या आप उससे खुश होंगे? अथवा जो अपना काम-धाम करेगा, उससे खुश होंगे ?'

पदारथ साब ने कहा, ‘जो अपना काम-धाम करेगा, हम उसी से खुश होंगे।‘

साधु ने सलाह दी, ‘आप अपने घर लौट जाइए। जा कर अपना काम-धाम कीजिए।‘

पदारथ साब को बात समझ में आ गई। वह घर लौट आए। पहले से उनका व्यवहार मधुर हो गया। बिना किसी को नुकसान पहुंचाए अपना काम करने लगे। (उर्वशी)नरेंद्र देवांगन

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News