

मानव सभ्यता का इतिहास गवाह है कि बड़े-बड़े आविष्कार सुविधा के लिए हुए, लेकिन उन सुविधाओं के बीच इंसान ने जिस एक कला को सबसे अधिक निखारा है, वह है- ‘टालमटोल’। पेंसिल मेज पर पड़ी है और उसका सही ठिकाना ठीक सामने रखी अलमारी है। हाथ बढ़ाते तो दो सेकंड लगते, लेकिन अंतरात्मा से एक दार्शनिक आवाज गूंजती है- “चलो, कल सुबह उठकर रख देंगे, अभी पेंसिल यहीं सुरक्षित है।” ठीक इसी तरह मेज पर रखे वे नोट्स, जिन्हें आज दोपहर पढ़ना था, शाम की चाय पर टलते हैं और शाम ढलते ही ‘कल सुबह ब्रह्ममुहूर्त’ के खाते में जमा हो जाते हैं। पंद्रह तारीख का पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम अठारह पर सरक जाता है। मजे की बात यह है कि इन सभी कामों को करने में न तो हिमालय चढ़ना था और न ही कोई रॉकेट साइंस लगनी थी; बस थोड़ा-सा मन और चंद मिनट चाहिए थे। मगर हमारा मस्तिष्क बहानों की ऐसी मीठी चाशनी तैयार करता है कि हम खुद ही अपनी बातों में आकर मुस्कुराते हुए काम आगे खिसका देते हैं।
हमारे दैनिक जीवन में इसके इतने रंग-बिरंगे और मजेदार उदाहरण बिखरे पड़े हैं कि यदि उन पर शोध हो तो एक नया शोधग्रन्थ तैयार हो जाए। सर्दी के मौसम का ही उदाहरण ले लीजिए। बिस्तर में रजाई ओढ़कर लेटे हैं, नींद आँखों से कोसों दूर है, तभी ध्यान आता है कि कमरे की बत्ती जल रही है। स्विच बोर्ड ठीक चार कदम दूर है। अब दिमाग में विचारों का महायुद्ध शुरू होता है, “क्या लाइट जलने से आँखों को कोई खास नुकसान होता है? अगर आँखें बंद ही हैं, तो कमरे में उजाला हो या अंधेरा, क्या फर्क पड़ता है?” और व्यक्ति लाइट बंद करने के बजाय तकिया खींचकर सोने की कोशिश करने लगता है, जबकि उठकर बटन दबाने में मात्र पांच सेकंड का समय लगता।
रसोई और खान-पान के मोर्चे पर तो यह टालमटोल अपने चरम पर दिखती है। चाय की प्याली खत्म हो चुकी है। सिंक केवल दस फीट दूर है, लेकिन प्याली वहीं लैपटॉप या सोफे के बगल में विराजमान रहती है। तर्क मिलता है, “दोपहर बाद जब पानी पीने उठेंगे, तब साथ ही ले चलेंगे।” वह प्याली शाम तक वहीं जमी रहती है और धीरे-धीरे अपने साथ पानी का खाली गिलास और एक छोटी प्लेट भी जोड़ लेती है। फ्रिज में कटी हुई आधी गाजर या कटोरी में बची थोड़ी-सी चटनी इस इंतजार में सूख जाती है कि कोई उसे खाएगा, पर हर बार फ्रिज खोलने वाला उसे देखकर सोचता है, “रात के खाने में खत्म कर देंगे।” नतीजा यह होता है कि वह सीधा कूड़ेदान की यात्रा करती है।
तकनीक की दुनिया ने तो हमें टालने के असीमित औजार थमा दिए हैं। मोबाइल स्क्रीन पर ‘सॉफ्टवेयर अपडेट’ का संदेश पिछले तीन हफ्तों से रोज सुबह दस्तक देता है, लेकिन हमारी उंगलियां बिजली की गति से ‘रिमाइंड मी टुमारो’ पर क्लिक करती हैं। वही हाल अलार्म का है। चार बजे का अलार्म बजते ही पांच मिनट का ‘स्नूज़’ दबाना एक ऐसा आत्मघाती सुख है, जो अंततः हमें सात बजे हड़बड़ाहट में बिस्तर से फेंकता है। फोन में आए किसी जरूरी संदेश का उत्तर देने के मामले में भी हम सोचते हैं, “बस दो मिनट में तसल्ली से रिप्लाई करते हैं,” और वह दो मिनट अक्सर दो हफ्तों में परिवर्तित हो जाता है।
कपड़ों की अलमारी खोलते ही हैंगर से फिसली हुई शर्ट को तुरंत टांगने के बजाय हम उसे नीचे की रैक पर दबा देते हैं कि “प्रेस करते वक्त ठीक कर लेंगे।” बाजार से आया सामान थैले से निकलकर मेज पर सज जाता है मगर खाली थैला अपनी नियत जगह तक पहुंचने के लिए हफ्तों टेबल की शोभा बढ़ाता रहता है।
प्रश्न यह है कि आखिर हम ऐसा करते क्यों हैं ? मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो मस्तिष्क हमेशा ऊर्जा बचाने की फिराक में रहता है। इसे ‘प्रेजेंट बायस’ कहा जाता है, जहाँ हमारा वर्तमान मस्तिष्क तुरंत मिलने वाले आराम को भविष्य के उस सुकून पर तरजीह देता है जो काम के पूरा होने पर मिलता। छोटी-छोटी बातों को टालने के पीछे कोई बहुत बड़ा डर नहीं होता है। यह एक सूक्ष्म आलस्य और झूठा विश्वास होता है कि “आने वाला कल” आज की तुलना में ज्यादा फुर्सत भरा, ज्यादा ऊर्जावान और ज्यादा अनुकूल होगा। हम यह भूल जाते हैं कि कल जब आज बनकर आएगा, तो वह भी अपने साथ वही थकान, वही बहाने और वही प्रलोभन लेकर आएगा।
त्रासदी यह नहीं है कि पेंसिल अलमारी में नहीं पहुंची या नोट्स शाम को नहीं पढ़े गए। असली नुकसान उस मानसिक बोझ का है जो इन छोटे-छोटे टले हुए कामों से पैदा होता है। मनोविज्ञान में इसे ‘ज़िगार्निक प्रभाव’ कहा जाता है, हमारा दिमाग अधूरे और लंबित कामों को एक खुली फाइल की तरह बैकग्राउंड में चलाता रहता है। इस प्रभाव की खोज रुसी मनोवैज्ञानिक ब्लूमा जिगार्निक द्वारा 1920 ई० में होटल के वेटरों पर प्रयोग के दौरान किया गया था। मेज पर रखी वह एक अकेली पेंसिल, वह अनपढ़ा पन्ना, वह अपूर्ण संदेश और वह अठारह तारीख पर टला हुआ आयोजन अवचेतन में लगातार एक हल्का तनाव पैदा करते हैं। जब ऐसे बीस छोटे-छोटे काम एक साथ जमा हो जाते हैं, तो व्यक्ति बिना कोई बड़ा काम किए भी शाम को भारी थकान महसूस करता है।
इस चक्रव्यूह को तोड़ने का उपाय बहुत सरल है, 'दो मिनट का नियम'। यदि किसी काम को करने में दो मिनट या उससे कम समय लगता है, तो उसके लिए सोचना, योजना बनाना या उसे कल पर टालना पूरी तरह वर्जित होना चाहिए। पेंसिल दिखी तो हाथ बढ़ाया और रख दिया। चाय की प्याली उठी, तो तुरंत सिंक में पहुंचा दी। नोट्स पढ़ने हैं, तो यह सोचे बिना कि पूरी किताब खत्म करनी है, बस पहला पन्ना पलट लिया, आप उसे अवश्य पढ़ पाएँगे।
जीवन इन्हीं छोटी-छोटी क्रियाओं का ताना-बाना है। जिस दिन हम अपनी रोजमर्रा की इन छोटी-छोटी बातों पर जीत हासिल कर लेते हैं, उस दिन बड़े संकल्प अपने आप सधने लगते हैं। इसलिए अगली बार जब मन कहे कि “चलो, कल रख देंगे”, तो ठहरकर खुद से इतना ही कहिए, “कल की बात कल देखेंगे, फिलहाल यह काम अभी और यहीं खत्म करते हैं।” (युवराज)
दुर्गेश्वर राय