मिट्टी और पानी की समझ से खेती में क्रांति : सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए नई उम्मीद

बारिश के भरोसे नहीं रहेगी खेती
खेती
खेती
Published on: 

अब जरूरत इस बात की है कि जमीन की प्रकृति को समझकर पानी की हर बूंद का बेहतर इस्तेमाल किया जाए।

मिट्टी और पानी की समझ से सूखे खेतों में भी लहलहाएंगी फसलें

जलवायु परिवर्तन, अनियमित मानसून और लगातार घटते जल संसाधनों ने खेती के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। कहीं कम बारिश से खेत सूख रहे हैं तो कहीं बारिश का पानी बहकर व्यर्थ चला जाता है। ऐसे में खेती को केवल मानसून के भरोसे छोड़ना भविष्य के लिए बड़ा जोखिम बन सकता है। अब जरूरत इस बात की है कि जमीन की प्रकृति को समझकर पानी की हर बूंद का बेहतर इस्तेमाल किया जाए। इसी सोच को आधार बनाकर आईआईटी खड़गपुर और कृषि अनुसंधान से जुड़े संस्थानों के वैज्ञानिकों ने एक नया मॉडल विकसित किया है। यह मॉडल अर्ध.शुष्क क्षेत्रों में खेती की ऐसी योजना बनाने पर केंद्रित है जिसमें मिट्टी की बनावट, खेत की ढलान, जल उपलब्धता और फसल की जरूरत को एक साथ ध्यान में रखा जाता है।

अध्ययन में सामने आया कि वर्टिसोल मिट्टी पानी को लंबे समय तक अपने भीतर बनाए रखने में अधिक सक्षम है।

मिट्टी बताएगी कहां कितना पानी रुकेगा

अंतरराष्ट्रीय अर्ध शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान ,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से जुड़े संस्थानों और आईआईटी खड़गपुर के शोधकर्ताओं ने इस मॉडल को विकसित करने के लिए तेलंगाना के पटानचेरु स्थित आईसीआरआईएसएटी के जलग्रहण क्षेत्रों में दस साल के आंकड़ों का अध्ययन किया। इसमें अल्फिसोल और वर्टिसोल नाम की दो प्रमुख मिट्टियों की पानी रोकने की क्षमता का आकलन किया गया। अध्ययन में सामने आया कि वर्टिसोल मिट्टी पानी को लंबे समय तक अपने भीतर बनाए रखने में अधिक सक्षम है। इसकी गहरी परतों में नमी लंबे समय तक बनी रहती है जबकि अल्फिसोल अपेक्षाकृत जल्दी सूख जाती है। इससे यह स्पष्ट हुआ कि एक ही मात्रा में बारिश होने के बावजूद अलग.अलग मिट्टी वाले खेतों में पानी की उपलब्धता और उसका उपयोग अलग.अलग हो सकता है। इसलिए सभी खेतों के लिए एक जैसी खेती की रणनीति कारगर नहीं हो सकती।

इस मॉडल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है कि इसमें केवल पानी की उपलब्धता नहीं, बल्कि पानी के व्यवहार को भी समझने पर जोर दिया गया है।

खेत की बनावट बदलेगी पानी की तस्वीर

शोध में खेतों की बनावट और जल बहाव के बीच भी महत्वपूर्ण संबंध सामने आया। अल्फिसोल मिट्टी में उठी हुई क्यारियों पर मौसमी जल बहाव 9 से 115 मिलीमीटर दर्ज किया गया, जबकि समतल खेतों में यह 126 से 213 मिलीमीटर तक पहुंच गया। वर्टिसोल मिट्टी में उठी हुई क्यारियों पर जल बहाव 53 से 215 मिलीमीटर और समतल खेतों में 77 से 258 मिलीमीटर रहा। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि खेतों को किस तरह तैयार किया गया है इसका बारिश के पानी के बहाव पर सीधा असर पड़ता है। उचित खेत प्रबंधन से पानी को खेत में रोकने और मिट्टी में नमी बनाए रखने की संभावनाएं बढ़ाई जा सकती हैं। यही इस मॉडल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है कि इसमें केवल पानी की उपलब्धता नहीं, बल्कि पानी के व्यवहार को भी समझने पर जोर दिया गया है।

बुंदेलखंड में प्रयोग से बढ़ी जल संचयन की क्षमता

वैज्ञानिकों ने इस मॉडल को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सुत्ता और सिंगार गांवों में भी आजमाया। इन गांवों में पहाड़ी, ऊंचाई वाले और निचले क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार जल संरक्षण की योजनाएं लागू की गईं। इसके तहत हवेली जल संरचनाओं, खेत तालाबों और चेक डैम का निर्माण किया गया। पुराने जलमार्गों और नालों को गहरा व चौड़ा करने के साथ उनमें चेक प्लग भी बनाए गए। इन प्रयासों से जल संरचनाओं में एक मौसम के दौरान करीब तीन बार पानी भरने की क्षमता विकसित हुई। इसके परिणामस्वरूप सालाना लगभग 40 से 45 मिलीमीटर अतिरिक्त पानी का संचयन संभव हुआ। इससे स्थानीय जल उपलब्धता और भूजल पुनर्भरण को बेहतर बनाने में मदद मिली।

इसकी खासियत यह है कि इसमें खेती की शुरुआत फसल चुनने से पहले जमीन को समझने से होती है। किस खेत में पानी कितनी देर रुकेगा, किस हिस्से में जल संरक्षण की जरूरत है और किस तरह की फसल वहां बेहतर हो सकती है, इन सभी पहलुओं को एक साथ देखा जाता है।

खेती का भविष्य पानी के वैज्ञानिक प्रबंधन में

भारत के कई कृषि क्षेत्र अनियमित बारिश और भूजल पर बढ़ती निर्भरता की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह मॉडल सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए नई संभावनाएं खोल सकता है। इसकी खासियत यह है कि इसमें खेती की शुरुआत फसल चुनने से पहले जमीन को समझने से होती है। किस खेत में पानी कितनी देर रुकेगा, किस हिस्से में जल संरक्षण की जरूरत है और किस तरह की फसल वहां बेहतर हो सकती है, इन सभी पहलुओं को एक साथ देखा जाता है। हालांकि यह मॉडल सूखे की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हैए लेकिन जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खेती की योजना बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यदि इसे व्यापक स्तर पर अपनाया जाता है तो कम बारिश वाले क्षेत्रों में खेती को अधिक टिकाऊ बनाने और किसानों की मानसून पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है। (युवराज)पुनीत उपाध्याय

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News