

कभी शरारतों, खिलखिलाहटों, छोटी-छोटी जिदों, रूठने-मनाने और बेफिक्र सपनों का नाम हुआ करता था बचपन लेकिन आज बचपन की तस्वीर तेजी से बदल रही है। बच्चों के हाथों से मिट्टी, खिलौने और कहानियों की किताबें छूट रही हैं और उनकी जगह मोबाइल, वीडियो गेम तथा सोशल मीडिया ने ले ली है। सवाल यह है कि बदलते समय ने बच्चों से उनका बचपन ही क्यों छीन लिया है ?
बाल दिवस पर हर साल बच्चों के अधिकारों, उनके उज्ज्वल भविष्य और देश के कर्णधार होने की बातें होती हैं। विद्यालयों में कार्यक्रम होते हैं, भाषण दिए जाते हैं और उपहार बांटे जाते हैं। मगर इस गंभीर प्रश्न पर चर्चा कम होती है कि आज का बच्चा मानसिक और व्यवहारगत स्तर पर किस दिशा में जा रहा है?
बचपन व्यक्तित्व निर्माण की सबसे संवेदनशील अवस्था है। इस दौरान बच्चे का व्यवहार उसके पारिवारिक संबंधों, सामाजिक परिवेश और भावनात्मक अनुभवों से प्रभावित होता है। बच्चा केवल वही नहीं सीखता जो उसे सिखाया जाता है, बल्कि उससे कहीं अधिक सीखता है जो अपने आसपास होते हुए देखता है। माता-पिता का व्यवहार, घर का तनाव, बड़ों की भाषा और समाज में व्याप्त हिंसा उसके मन पर गहरी छाप छोड़ते हैं।
आज बच्चों के व्यवहार में दो विपरीत प्रवृत्तियां दिखाई दे रही हैं। एक ओर कुछ बच्चे छोटी-सी असफलता, डांट या मनचाही चीज न मिलने पर आक्रामक हो जाते हैं तो दूसरी ओर कुछ बच्चे इतने भावनात्मक रूप से असुरक्षित हैं कि सामान्य असहमति भी उन्हें भीतर तक तोड़ देती है। कहीं दूसरों के दर्द के प्रति संवेदनहीनता है तो कहीं अपनी छोटी-सी परेशानी से उबरने का धैर्य नहीं। यह विरोधाभास केवल बच्चों के स्वभाव का परिणाम नहीं, बल्कि उन्हें मिल रहे परिवेश का आईना भी है। मोबाइल और डिजिटल दुनिया ने इस बदलाव को और तेज किया है। बच्चे खेल के मैदान से अधिक समय स्क्रीन पर बिताते हैं। हिंसक वीडियो गेम, मारधाड़ वाले दृश्य, उम्र के लिहाज से अनुपयुक्त सामग्री और सोशल मीडिया की दिखावटी दुनिया उनके कोमल मन को प्रभावित कर रही है। लेकिन इसके लिए केवल मोबाइल को दोष देकर हम अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। असली संकट परिवार की बदलती प्राथमिकताओं में भी है। माता-पिता बच्चों को महंगे खिलौने, अच्छे स्कूल और आधुनिक सुविधाएं देने में कोई कसर नहीं छोड़ते, लेकिन उनके साथ बैठकर बात करने और उनकी परेशानियां सुनने का समय नहीं निकाल पाते।
दूसरी ओर, बच्चों पर अपेक्षाओं का बोझ लगातार बढ़ रहा है। हर बात में उनकी तुलना दूसरे बच्चों से होती है और असफल होने पर प्रोत्साहन के बजाय ताने मिलते हैं। उनकी रुचि और क्षमता समझे बिना उन पर माता-पिता के अधूरे सपने लाद दिए जाते हैं। परिणामस्वरूप बच्चा सफलता से अधिक असफलता से डरने लगता है। उसके भीतर आत्मविश्वास की जगह तनाव और हीनभावना घर करने लगते हैं। विद्यालय भी इस प्रवृत्ति के प्रोत्साहन से अछूते नहीं हैं। शिक्षा का उद्देश्य व्यक्तित्व निर्माण और संवेदनशीलता विकसित करना होना चाहिए, वह परीक्षा, अंक और प्रतिस्पर्धा तक सिमट गई है। बड़ी कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या, पाठ्यक्रम का दबाव और शिक्षकों की व्यस्तता के बीच व्यक्तिगत संवाद के अवसर कम हो रहे हैं। बच्चों की मनोवैज्ञानिक समस्याओं को पहचानने और उनका समाधान करने के लिए प्रशिक्षित परामर्शदाताओं की कमी भी गंभीर समस्या है।
इसका परिणाम केवल बच्चों के वर्तमान तक सीमित नहीं रहेगा। जिस पीढ़ी में धैर्य, सहानुभूति और दूसरों के प्रति सम्मान कमजोर होगा, वह भविष्य में कैसा समाज बनाएगी? जो बच्चा आज किसी की पीड़ा पर हंसता है, कल किसी की परेशानी के प्रति उदासीन नागरिक बन सकता है। जो अपनी असफलता स्वीकार नहीं कर पाता, वह निराशा और तनाव से जूझ सकता है। लगातार मानसिक दबाव, अकेलापन, आक्रामकता और सामाजिक संबंधों में कठिनाई उसके व्यक्तित्व को प्रभावित कर सकती है। गंभीर परिस्थितियों में अवसाद, आत्मघाती विचार और हिंसक व्यवहार जैसी समस्याएं भी जन्म ले सकती हैं। इसलिए इसे केवल बिगड़ती पीढ़ी कहकर ख़ारिज करना नासमझी होगी।
समाधान के लिए सबसे पहले माता-पिता को अपनी भूमिका समझनी होगी। बच्चों को केवल सुविधाएं नहीं, अपना समय और साथ दीजिए। रोज कुछ समय ऐसा हो जब परिवार के सदस्य मोबाइल से दूर बैठकर बातचीत करें। बच्चों की बातें सुनें, उनकी जिज्ञासाओं का सम्मान करें और गलती पर अपमानित करने के बजाय समझाएं। अनुशासन जरूरी है, लेकिन भय और दंड से नहीं, प्रेम और संवाद से।
सरकार को विद्यालयों में बाल मनोवैज्ञानिकों और प्रशिक्षित परामर्शदाताओं की नियुक्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। शिक्षा में भावनात्मक विकास, नैतिक मूल्यों, सहानुभूति और सहयोग को स्थान मिले। खेल के मैदान, पुस्तकालय और सांस्कृतिक गतिविधियां बढ़ाई जाएं। बच्चों की डिजिटल सुरक्षा, साइबर बुलिंग और शोषण के मामलों में प्रभावी निगरानी तथा त्वरित सहायता की व्यवस्था हो। समाज और सामाजिक संस्थाएं भी ऐसे अवसर पैदा करें जहां बच्चे मिल-जुलकर खेलना, साझा करना, हार स्वीकार करना और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करना सीखें।
बच्चों को बच्चा बने रहने देना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है। उन्हें हर समय होशियार, प्रतिस्पर्धी और सफल बनाने की हड़बड़ी में हम उनसे उनका सहज बचपन न छीनें। उन्हें मिट्टी में खेलने, बारिश में कागज की नाव चलाने, सवाल पूछने, कल्पनाओं के घोड़े दौड़ाने और बेफिक्र शरारतें करने दीजिए। हर खाली समय को कक्षा, कोचिंग या स्क्रीन से भर देना जरूरी नहीं है। बचपन कोई परीक्षा नहीं है जिसमें हर हाल में अव्वल आना है। यह जीवन की वह बुनियाद है जिस पर संवेदनशील, विवेकशील और जिम्मेदार नागरिक का निर्माण होता है। हमें बच्चों को समय से पहले बड़ा नहीं करना, बल्कि ऐसा सुरक्षित और स्वतंत्र वातावरण देना है जिसमें वे अपने समय पर बड़े हो सकें। बाल दिवस तभी सार्थक होगा जब बच्चों को मोबाइल के साथ-साथ खेलने का मैदान, पढ़ने के लिए किताब, सुनने के लिए कहानी और मन की बात कहने के लिए एक संवेदनशील इंसान भी मिले। आखिर बच्चों का बचपन बचाना केवल उनका भविष्य संवारना नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य सुरक्षित करना है। (युवराज)
डॉ. घनश्याम बादल