बिहार में अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजित किए जायेंगे : राज्यपाल

अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य, अब तक 50 लाख युवाओं को मिला अवसर
बिहार में अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजित किए जायेंगे : राज्यपाल
Published on: 

पटना: बिहार के राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने अगले पांच वर्षों में “एक करोड़ रोजगार” सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वह विधानमंडल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे, जो हाल के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत के बाद बुलायी गयी थी।

राज्यपाल ने महिलाओं की सराहना की

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण की शुरुआत “मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं” को “बड़ी संख्या में मतदान करने” के लिए धन्यवाद देते हुए की और निर्वाचन आयोग की “सफलतापूर्वक” चुनाव कराने के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि “24 नवंबर 2005” को नीतीश कुमार की पहली सरकार बनने के बाद से “बिहार में बहुत कुछ उपलब्धि हासिल की गई है” तथा “अगले पांच वर्षों में यह कार्य और आगे बढ़ाया जाएगा”।

50 लाख युवाओं को मिल चुका है रोजगार

राज्यपाल ने कहा, “शुरू से ही सरकार का प्रयास युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार और आजीविका के अन्य साधन उपलब्ध कराने का रहा है। 2020 में ‘सात निश्चय पार्ट-2’ के अंतर्गत 10 लाख सरकारी नौकरियां और उतने ही अन्य रोजगार अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया था।” उन्होंने कहा कि अब तक “50 लाख युवाओं को रोजगार मिला है, जिनमें 10 लाख सरकारी नियुक्तियां शामिल हैं। अगले पांच वर्षों के लिए एक करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य तय किया गया है।”

केंद्र सरकार का आभार

राज्यपाल ने केंद्र सरकार द्वारा बिहार को प्रदान किए जा रहे “पूर्ण सहयोग” को रेखांकित करते हुए कहा कि पिछले वर्ष केंद्रीय बजट में “विशेष आर्थिक सहायता” के तहत सड़कों, उद्योगों, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और बाढ़ नियंत्रण के लिए “बड़ी राशि” का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष फरवरी में पेश बजट में मखाना बोर्ड गठन, नए हवाई अड्डों के लिए आर्थिक सहायता तथा पश्चिम कोसी नहर परियोजना के लिए घोषणाएं की गईं।

उन्होंने कहा कि राज्य को इस वर्ष “खेलो इंडिया यूथ गेम्स” की मेजबानी का अवसर मिलने पर भी गर्व है। उन्होंने कहा, “ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी” ने बिहार के लिए कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया है और “तेज गति से कार्य चल रहा है। हम प्रधानमंत्री प्रति आभार व्यक्त करते हैं।”

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News