

रांची/नयी दिल्ली : झारखंड आंदोलन के अगुआ और उसके गठन में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन ने सोमवार को अंतिम सांस ली। वह 81 वर्ष के थे। वह गुर्दा संबंधी बीमारी के इलाज के लिए 19 जून से अस्पताल में भर्ती थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को रामगढ़ जिले में पैतृक गांव में किया जाएगा। वह वर्तमान राज्यसभा सदस्य थे। उन्हें दिशोम गुरू भी कहा जाता था। संथाली में ‘दिशोम’ का अर्थ होता है ‘देश या समुदाय’ और ‘गुरु’ का अर्थ है ‘मार्गदर्शक’।
झारखंड में तीन दिवसीय राजकीय शोकः झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। 11 जनवरी 1944 को झारखंड के हजारीबाग जिले के निमरा गांव में जन्मे सोरेन ने वहीं के गोला हाईस्कूल से मैट्रिक तक की शिक्षा ली। पिता की हत्या के बाद ठेकेदारी की। मुखिया का चुनाव जीतकर राजनीति की पारी शुरू की। वे दुमका लोकसभा सीट से 8 बार जीत हासिल हासिल कर संसद पहुंचे। वर्ष 2005, 2008-09, और 2009-10 में झारखंड के मुख्यमंत्री बने। वे मनमोहन सरकार में कोयला मंत्री भी रहे।
झारखंड को दी अलग पहचान ः वर्ष 1994 में उनके निजी सचिव की हत्या हो गई। वर्ष 1975 के चिरूडीह कांड जैसे विवादों ने उनके राजनीतिक जीवन को प्रभावित किया। फिर भी उन्होंने हमेशा आदिवासी हितों को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड को बिहार से अलग कर एक नई पहचान दी। उनके बेटे और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी विरासत को आगे बढ़ाया।
मेरे पिता झारखंड और आदिवासियों का सुरक्षा कवच थे : हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए अपने पिता को महान व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि वह झारखंड और आदिवासियों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह थे। आज वह कवच हमसे दूर हो गया है। हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे। हेमंत सोरेन ने कहा कि उनके पिता अंतिम सांस तक लड़े। वह बीमार थे। कई बार उनकी हालत में सुधार हुआ और कई बार उनकी हालत बिगड़ती गई। वह आखिरी दम तक लड़े। लेकिन आज उनका निधन हो गया।
राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी गंगाराम अस्पताल पहुंचे
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां स्थित सर गंगा राम अस्पताल पहुंचीं। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी श्रद्धांजलि देने अस्पताल पहुंचे। मोदी ने शिबू सोरेन के बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, राहुल गांधी सहित कई अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, लोकसभा-राज्य सभा के सांसदों, झारखंड विधान सभा के सदस्यों समेत तमाम नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।