हिंदू देवी-देवताओं पर रेवंत रेड्डी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद, विपक्ष के नेता पर जवाब देने का दबाव
File Photo
File Photo
Published on: 

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के हिंदू देवी-देवताओं पर दिए गए बयान को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और मांग की कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ें और साफ करें कि क्या वह ‘जिहाद’ के साथ खड़े दिखना चाहते हैं।

तेलंगाना में सत्ताधारी कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए, रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है और अलग-अलग सोच वाले लोग इसमें हैं। यह बात उन्होंने हिंदू धर्म से तुलना करते हुए की और कहा कि भक्त कई भगवानों की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हिंदुओं के कितने भगवान हैं? तीन करोड़? जिनकी शादी नहीं हुई है उनके लिए हनुमान हैं। जिनकी दो बार शादी हुई है उनके लिए एक और भगवान हैं।’’

रेड्डी सनातन विरोधी: संबित पात्रा

इस टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए भाजपा सांसद संबित पात्रा ने रेड्डी के बयान को ‘सनातन विरोधी’ बताया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर इस मामले पर अपनी स्थिति साफ करने को कहा। पात्रा ने मांग की कि राहुल गांधी को लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के बयान पर भी अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए।

नदवी के बयान को सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड से हटाया गया

नदवी ने बुधवार को लोकसभा में वक्फ संपत्ति के पंजीकरण से जुड़ा मुद्दा उठाते एक शब्द का इस्तेमाल किया, जिसे बाद में सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड से हटा दिया गया। पात्रा ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिस तरह रेवंत रेड्डी ने हिंदुओं के खिलाफ बोला और ‘इंडिया’ गठबंधन के नदवी जी ने कल कहा... मैं विपक्ष के नेता राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या वह हिंदू धर्म के लिए इस्तेमाल किए गए अपमानजनक शब्दों (रेवंत रेड्डी द्वारा) पर बोलेंगे या उन्हें भी जिहाद के साथ खड़ा देखा जाए।’’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News