ग्वालियर में मंदिर के बाहर ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 14 की मौत, 28 घायल

ग्वालियर में मंदिर के बाहर ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 14 की मौत, 28 घायल

Published on: 

ग्वालियर /इंदौर/ नयी दिल्ली :

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर के बाहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं और सड़क किनारे स्थित दुकानों को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया। इस भीषण हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, टक्कर से मंदिर की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंचा ट्रक, जांच शुरू

हादसा शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे चिनोर रोड पर ढलान के पास स्थित शीतला माता मंदिर के बाहर हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब के पंजीकरण नंबर वाला ट्रक प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गया था। इससे मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों के प्रवेश पर निगरानी को लेकर सवाल उठे हैं। ग्वालियर रेंज के कार्यवाहक पुलिस महानिरीक्षक असित यादव ने बताया कि हादसे में 14 लोगों की मौत हुई और 28 लोग घायल हुए हैं। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने आशंका जताई कि ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने के लिए बाईं ओर मोड़ने की कोशिश की होगी। अधिकारी के अनुसार, यदि ट्रक सीधे आगे बढ़ता तो 600 से 700 श्रद्धालु उसकी चपेट में आ सकते थे। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रक के प्रवेश और सुरक्षा संबंधी चूक की जांच की जाएगी।

परिजनों में आक्रोश

हादसे के बाद शवों और घायलों को ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर समेत विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। ट्रॉमा सेंटर में पोस्टमार्टम केंद्र के पास मृतकों के परिजन एकत्र हुए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस क्षेत्र में साइकिल निकालना भी मुश्किल है, वहां भारी ट्रक कैसे पहुंच गया?

तथ्यपरक जांच के आदेश

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दु:ख जताते हुए जिला प्रशासन को घटना की तथ्यपरक जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रक के प्रवेश के कारण दुर्घटना हुई। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिया।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्रद्धालुओं की मौत पर दु:ख जताया और शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने संदेश में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।बॉक्स मैटर

ग्वालियर

हादसा

: राहत और सहायता की घोषणाएं

मध्य प्रदेश

सरकार

: मुख्यमंत्री मोहन यादव के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

गंभीर रूप से घायल :

राज्य सरकार गंभीर रूप से घायल लोगों के इलाज का खर्च उठाएगी।

अन्य

घायल

: घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष :

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

घायलों के लिए केंद्रीय

मदद

: प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

जांच

: मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को हादसे की तथ्यपरक जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रक के प्रवेश से जुड़ी चूक की जांच की जा रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in