पाकिस्तान : गैंगरेप मामले में उप प्रधानमंत्री के पोते समेत आठ पर आरोप तय

Lahore
सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है
Published on: 

लाहौर : पाकिस्तान की एक अदालत ने दो विदेशी महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार के पोते रजा डार समेत आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष को नौ दिसंबर को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है।

लाहौर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रफाकत अली गोंडाल ने मंगलवार को आरोप तय किए। सभी आठ आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था। फिलहाल सभी न्यायिक हिरासत में हैं। अदालत में अब मामले की नियमित सुनवाई होगी। इस मामले में पंजाब पुलिस ने पहले रजा डार और उसके चार दोस्तों को दुष्कर्म के आरोपों से मुक्त कर दिया था। पुलिस ने रजा डार के यहां काम करने वाले तीन कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों पर महिलाओं से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस संबंध में अदालत में रिपोर्ट भी दाखिल की थी।

निवेश के बहाने पाकिस्तान बुलाने का आरोप : आरोप है कि इस साल जून में कारोबारी यात्रा पर लाहौर पहुंचीं नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं का रजा डार और उसके चार दोस्तों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया था। चिकित्सकीय जांच में दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। बयान दर्ज कराने के बाद दोनों अपने-अपने देश लौट गई थीं। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, दोनों महिलाओं की मुलाकात 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। उन्होंने उसे क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में निवेश का प्रस्ताव दिया था। शुरुआत में मुनाफा मिलने के बाद रजा डार ने पांच लाख डॉलर से अधिक का निवेश किया था।

19,500 डॉलर जबरन लेने का आरोप : पुलिस के मुताबिक, इस बार महिलाओं ने न तो मुनाफा दिया और न ही निवेश की रकम लौटाई। इसके बाद रजा डार ने दूसरे निवेशक से मिलवाने के बहाने उन्हें पाकिस्तान बुलाया। आरोप है कि लाहौर के एक मकान में दोनों महिलाओं को बंधक बनाकर पैसे लौटाने का दबाव बनाया गया और उनसे 19,500 डॉलर जबरन हस्तांतरित कराए गए।

पुलिस के अनुसार, हथियारबंद लोगों ने महिलाओं को चाकू, बंदूक और टूटे शीशे से धमकाया। बाद में उन्हें हवाई अड्डे ले जाते समय वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसका फायदा उठाकर दोनों महिलाएं भागने में सफल रहीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News