लालगढ़ में गांजा तस्करी के आरोप में खड़गपुर की एक महिला गिरफ्तार

! बस से उतरते ही पुलिस के हत्थे चढ़ी महिला
लालगढ़ पुलिस द्वारा गांजे के साथ पकड़ी गईं महिला और बरामद गांजा
लालगढ़ पुलिस द्वारा गांजे के साथ पकड़ी गईं महिला और बरामद गांजा
Published on: 

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

झाड़ग्राम : बस से उतरकर अपने गंतव्य की ओर जा रही एक महिला को पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से करीब 3 किलो गांजा और 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए। गांजा तस्करी के आरोप में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार शाम झाड़ग्राम जिले के बैता इलाके की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान तारा विशाल के रूप में हुई है। वह पश्चिम मिदनापुर जिले के खड़गपुर अंतर्गत कलाईकुंडा इलाके की रहने वाली है। पुलिस का दावा है कि महिला बैग में गांजा लेकर बस से अलग-अलग स्थानों पर आती-जाती थी और निर्धारित जगह पर पहुंचकर गांजे की तस्करी करती थी। बताया जाता है कि मंगलवार शाम महिला बैता इलाके में बस से उतरकर पैदल जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से करीब तीन किलो गांजा और 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर झाड़ग्राम के एसडीपीओ ऋषभराज देव, ललगढ़ थाना प्रभारी संजीव घोष और बिनपुर-1 ब्लॉक के संयुक्त बीडीओ सुमंत साहा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस बारे में जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में महिला के साथ गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।गौरतलब है कि झाड़ग्राम जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इससे पहले रविवार को झाड़ग्राम शहर के बाहरी इलाके में स्थित कलाबनी जंगल से गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News