चलती गाड़ी में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए कूदे यात्री

बेलदा के कलाबनी इलाके में धू धू कर जलती कार
बेलदा के कलाबनी इलाके में धू धू कर जलती कार
Published on: 

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : खड़गपुर-ओडिशा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर आधी रात को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती प्राइवेट कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार यात्रियों ने समय रहते खतरे को भांप लिया और तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलने लगी। इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना बेलदा थाना क्षेत्र के कलाबनी इलाके की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मंगलवार की रात करीब दो बजे कुछ लोग एक समारोह में शामिल होने के बाद प्राइवेट कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कलाबनी के पास अचानक कार के अंदर आग दिखाई देने लगी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तत्काल गाड़ी रोकी और सभी यात्री आनन-फानन में बाहर निकल आए। यात्रियों के कार से उतरने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीच सड़क कार को जलता देख स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यात्रियों की सतर्कता और समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। आधी रात को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस घटना ने एक बार फिर वाहनों की सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News