

अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह में बड़ी घोषणाएं कीं।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों की सुविधाओं और कार्यक्षमता को बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
कैशलेस इलाज और स्मार्टफोन की सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए सरकार की चार प्रमुख योजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें मानदेय वृद्धि के साथ 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अतिरिक्त साड़ी और स्मार्टफोन उपलब्ध कराना शामिल है।
अब तक प्रदेश में 1.28 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। इससे विभागीय कार्यों और योजनाओं की निगरानी में सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि पहले कार्यकर्ताओं को दो साड़ियां दी जाती थीं, अब एक अतिरिक्त साड़ी के साथ 500 रुपये की राशि भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
हर आंगनबाड़ी केंद्र का होगा अपना भवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवन सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके लिए राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि का उपयोग करने के साथ जरूरत पड़ने पर अलग से बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा से करीब 12 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल हुईं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित और स्वस्थ बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
स्वस्थ बचपन ही आगे चलकर समर्थ और स्वस्थ भारत की नींव बनेगा और आंगनबाड़ी केंद्र इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।