योगी का दावा- ‘बीमारू’ माना जाने वाला यूपी अब तेजी से आगे बढ़ रहा

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये
योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ
Published on: 

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि 2017 से पहले ‘बीमारू’ राज्य माना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा के बल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार में नौकरियों में अनियमितता का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया का लाभ मिला।

योगी ने कहा, जो यूपी 2017 के पहले बीमारू राज्य माना जाता था, वह उन्हीं युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा के कारण आज दौड़ता दिख रहा है। देश में यूपी की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, उप्र में साढ़े नौ वर्षों में परिवर्तन हुआ और देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल उप्र आज शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है। आज उप्र को कोई पीछे नहीं कह सकता है। यूपी ने इस दौरान प्रति व्यक्ति आय और अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है।

योगी ने संकेतों में खास तौर पर सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, जिन लोगों ने उप्र में पहचान का संकट खड़ा किया, वे नए स्वरूप में, नए नारे के साथ गिरगिट की तरह रंग बदलते दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगाह करते हुए कहा कि इनसे सावधान होने की आवश्यकता है, क्योंकि ये लोग भ्रम की स्थिति पैदा कर राज्य को फिर उसी अराजकता की ओर धकेलने की ‘कुत्सित साजिश’ करेंगे।

उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचाने और उन्हें मकान नहीं देने का आरोप लगाया। योगी ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कोई ‘टोंटी चोर’ टोंटी चुराकर ले गया, तो नुकसान गांव का ही होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में गांवों के विकास के लिए नवाचार और जज्बा होना चाहिए तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए तैयार रहना चाहिए।

वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह आरोप लगाया गया था कि मुख्यमंत्री का सरकारी आवास खाली करते समय पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वहां तोड़फोड़ कराई थी और नलों की टोंटियां भी गायब थीं।

योगी आदित्यनाथ
युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in