चंदौली के निजी अस्पताल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या, भागते आरोपी को भीड़ ने पकड़ा

हथियार समेत गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी को भीड़ ने दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल ने बताया कि मृतक महिला की पहचान लक्ष्मीना देवी (55) के रूप में हुई है, जो बिहार के भभुआ की रहने वाली थी। पैर की हड्डी टूटने के बाद लक्ष्मीना का अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था।

पटेल के अनुसार, इलाज के नाम पर सुबह करीब 6:30 बजे अस्पताल आया एक व्यक्ति दवा लेने के बाद वॉर्ड में पहुंच गया और वहां भर्ती लक्ष्मीना को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पटेल ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में गोली चलाते हुए वॉर्ड से भाग निकला। हालांकि, उन्होंने बताया कि बाहर मौजूद भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।

पटेल के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपी के पास से एक बंदूक बरामद की गई है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। अब तक की पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अमृतसर निवासी गुरुप्रीत के रूप में बताई है।

पटेल ने बताया कि आरोपी का कहना है कि वह सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने के लिए चंदौली आया था। लक्ष्मीना देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in