UP News: बुलंदशहर में ट्रैक्टर-ट्रक में हुई टक्कर, 8 लोगों की मौत, 43 अन्य घायल

accident
Published on

नई दिल्ली: बुलंदशहर जिले में सोमवार तड़के एक ट्रक ने तीर्थयात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना बुलंदशहर-अलीगढ़ सीमा पर अरनिया बाईपास के पास भोर में दो बजे के बाद हुई। एक कैंटर ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई। एसएसपी सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में 61 लोग सवार थे, जो कासगंज जिले के रफातपुर गांव से राजस्थान के जाहरपीर में तीर्थयात्रा के लिए जा रहे थे।

3 लोगों को रखा गया वेंटिलेटर पर

उन्होंने बताया कि पीड़ितों को एक निजी अस्पताल सहित कई अस्पतालों में ले जाया गया। उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 43 का उपचार हो रहा है। तीन घायलों को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

पुलिस ने बताया कि 10 यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं। पीड़ितों में 10 को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, 10 बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

इन लोगों की हुई मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ट्रैक्टर चालक ईयू बाबू (40), रामबेटी (65), चांदनी (12), घनीराम (40), मोक्षी (40), शिवांश (छह), योगेश (50) और विनोद (45) के रूप में हुई है, जो सभी कासगंज जिले के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि 43 घायलों में 12 की उम्र 18 वर्ष से कम है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जिलाधिकारी श्रुति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बूंदाबांदी के बीच घटनास्थल का दौरा किया और बाद में अस्पताल में घायल मरीजों की हालचाल जाना। पुलिस ने बताया कि हरियाणा में पंजीकृत ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in