मुठभेड़ में दो वांछित गिरफ्तार, अवैध असलहा व बाइक बरामद

हत्या के प्रयास मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on: 

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गयी है।

जिले के ब्रह्मपुरी के पुलिस क्षेत्राधिकारी राम प्रकाश ने बुधवार को बताया कि नौ नवंबर को परतापुर क्षेत्र के इंदापुरम स्थित पीर वाली गली में कुलदीप के साथ मारपीट करने के बाद उसे गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस मामले में कुलदीप के भाई रोहित कसाना की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में वांछित शिवांश उर्फ चिंटू (22) को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान शिवांश ने वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे को बरामद कराने की बात कही थी। इसके बाद बुधवार रात पुलिस टीम उसे लेकर एलएनटी के पास स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में पहुंची।

पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार, वहां शिवांश ने छिपे हुए अपने साथी अभिषेक (23) को पुलिस टीम पर गोली चलाने के लिए आवाज लगाई। इसके बाद अभिषेक ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभिषेक के कब्जे से एक तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं, शिवांश की निशानदेही पर एक अन्य तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, शिवांश के खिलाफ परतापुर थाने में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सांकेतिक चित्र
अभियुक्त महिला को उत्तर प्रदेश की अदालत में तत्काल हाजिर करें 
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News