

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में शनिवार को रात्रि प्रवास के बाद रविवार सुबह जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जन समस्याओं का समाधान तत्परता से करने का निर्देश दिया।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस दौरान जमीन कब्जा किए जाने की कुछ शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाए। जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पहुंचे और एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का निराकरण पूरी संवेदनशीलता से कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों में संवाद से समस्या समाधान पर ध्यान दिया जाए और न्यायपूर्ण तरीके से हिस्सेदारी तय कराई जाए।
महंत की समाधि पर मत्था टेका : गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान रविवार सुबह आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। इसके बाद वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। उन्होंने अपने हाथों से गायों को गुड़ खिलाया।