शाहजहांपुर : व्यक्ति ने पत्नी की हत्या, बेटी की हालत गंभीर

शाहजहांपुर में दिल दहला देने वाली घटना, आरोपी गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

शाहजहांपुर : शाहजहांपुर जिले में सोमवार देर रात घर में सो रही पत्नी और दो बेटियों में से एक का कथित तौर पर गला घोंटने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई जबकि 12 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंटा और इसके बाद छोटी बेटी की भी गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उसकी बड़ी बेटी किसी तरह बचकर दूसरे कमरे में चली गई और वहां से अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार रात करीब दो बजे रोजा थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में हुई, जहां रहने वाले कमलेश गुप्ता ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सीमा (35) का गला घोंट दिया और उसके बाद उसने अपनी छोटी बेटी अंजलि (12) का भी गला घोंटने का प्रयास किया।

कुमार ने बताया कि आरोपी की बड़ी बेटी ने दूसरे कमरे में खुद को बंद कर लिया और परिजनों को फोन कर दिया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, आरोपी के चंगुल से अंजलि को बचाया तथा पुलिस को सूचना दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मां और बेटी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सीमा की मौत हो गई जबकि अंजलि की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, कमलेश की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है और वह मकान की ऊपरी मंजिल पर रहता है जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे रहते हैं। आरोपी ने पत्नी और बेटी पर हमला क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। कुमार ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर
अखिलेश का वादा : अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाएगी सपा
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News