

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक लापता युवक की तलाश के दौरान पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया। इस मामले में एक महिला और उसके पति पर महिला के प्रेमी की हत्या करने का आरोप है।
मृतक की पहचान विजय निषाद के रूप में हुई है, जो 8 मई को अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने 11 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने उन लोगों की जांच की, जिनके साथ विजय की अंतिम बार बात हुई थी। जांच के दौरान शक की सुई किरण देवी नामक महिला पर जाकर रुकी। बताया जाता है कि महिला से विजय के कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, तो मामला किरण देवी और उसके पति कमता प्रसाद निषाद तक पहुंच गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि किरण के पति को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसके बाद दंपति ने मिलकर विजय की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत विगत 8 मई को किरण ने विजय को अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद कामता प्रसाद ने लकड़ी के तख्ते से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े कर दिए और सबूत मिटाने के लिए उसे जंगल में ले जाकर जलाने की कोशिश की। हालांकि, शव पूरी तरह नहीं जल पाया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपना अपराध छिपाने के तरीके सीखने के लिए YouTube वीडियो का सहारा भी लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घाटमपुर से मृतक की मोटरसाइकिल और कानपुर के जंगल से आंशिक रूप से जले अवशेष, कपड़े, जूते, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।