श्रद्धालुओं से भरी जीप खाई में पलटी, 13 घायल, 9 की हालत गंभीर

खरदौरा गांव के श्रद्धालु मूर्ति विसर्जन के बाद पिकअप जीप से वापस लौट रहे थे
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

बलरामपुर : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि घायलों में नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उनके अनुसार, मंगलवार देर रात गैसड़ी थाना क्षेत्र के खरदौरा गांव के श्रद्धालु मूर्ति विसर्जन के बाद पिकअप जीप से वापस लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान बढ़नी राजमार्ग पर गैसड़ी थाना क्षेत्र के पास अचानक जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल रामसागर (18), अमर (15), दुर्गेश विश्वकर्मा (27), बरसाती (27), अंकुश (14), राजन (19), उमेश (18), सिद्धार्थ (10) और मनोज (37) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें सिद्धार्थ, मनोज और दुर्गेश की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी विपिन जैन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही हर संभव मदद दी जाएगी।

हादसे की सूचना मिलने पर सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने सरकार से दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

सांकेतिक तस्वीर
योगी ने दिवाली पर प्रदूषण की चिंता को बताया बेवजह
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News