पुल निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों के ऊपर गिरा सरिया का जाल, 1 की मौत, 1 अन्य घायल

जिलाधिकारी ने दिये जांच के आदेश
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on

बाराबंकी : बाराबंकी शहर में पटेल तिराहे के पास नाले पर पुल के निर्माण कार्य के दौरान गिरे सरिया के भारी जाल में दबने से एक मजदूर की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर जमुरिया नाले पर दशकों से बने पुराने जर्जर पुल को गिराकर नया पुल बनाया जा रहा है। मंगलवार की शाम करीब 5 बजे सात-आठ मजदूर सरिया से बना जाल खड़ा कर रहे थे। अचानक उसका संतुलन बिगड़ जाने से सरियों का जाल मजदूरों के ऊपर ही गिर गया।

उन्होंने बताया कि 2 मजदूर जाल के नीचे दब गये। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह जाल को हटाया और उसके नीचे दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान रमेश कुमार नामक 35 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गयी। घायल दूसरे मजदूर बदलू (26) का इलाज किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मामले की जांच के लिये दो सदस्यीय समिति गठित करते हुए उसे 3 दिन के अंदर रिपोर्ट देने के आदेश दिये हैं। अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक अभियंता अशोक कुमार और प्रियंक त्रिपाठी को पूरे मामले की जांच सौंपते हुए उनसे 3 दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in