नशे में धुत UP-112 कर्मी ने सड़क पर युवक को पीटा, वायरल वीडियो, जांच के आदेश

मेडिकल और सख्त कार्रवाई की उठी मांग
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on: 

एटा : एटा जिले में आपातकालीन पुलिस सुविधा ‘UP-112’ के एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर शराब के नशे में एक व्यक्ति को सड़क पर पीटा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं।

यह घटना कथित तौर पर कोतवाली नगर थानाक्षेत्र में नगर निगम कार्यालय के पास जीटी रोड पर हुई, जब पुलिस को UP-112 के माध्यम से सड़क किनारे एक नशे में धुत व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अलर्ट के बाद ‘UP-112’ की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन गाड़ी में मौजूद एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे में था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर अपनी पहचान दीवान पवन चौधरी के रूप में बताई। वायरल वीडियो में पवन उस व्यक्ति को जमीन पर गिराने के बाद लात, घूंसों और थप्पड़ों से पीटते हुए दिख रहा है।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से उस व्यक्ति के चेहरे पर पानी डाला गया और पुलिसकर्मी ने उन लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जिन्होंने उसके आचरण पर आपत्ति जताई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिसकर्मी खुलेआम कह रहा था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। जिस व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किया गया था उसकी पहचान तुरंत नहीं की जा सकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि ‘UP-112’ कर्मी द्वारा दुर्व्यवहार की सूचना मिली है। मामला जांच के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) कीर्तिका सिंह को सौंपा गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। राहगीरों ने पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News