सैनिकों के सम्मान में CM योगी का ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत अपने सैनिकों को सबसे अधिक प्राथमिकता देता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
Published on: 

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि नया भारत अपने सैनिकों को सबसे अधिक प्राथमिकता देता है और लगातार अपनी सशस्त्र सेनाओं की क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। उन्होंने पिछली सरकार पर आरोप लगाया कि वह देश की रक्षा के साथ लगातार समझौता करती रही।

मेरठ में आयोजित ‘पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह’ कार्यक्रम में आदित्यनाथ ने घोषणा की कि राज्य सरकार वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करेगी। उन्होंने कहा कि इसमें एकमुश्त मिलने वाली राशि और पुरस्कार पाने वालों को हर साल दी जाने वाली राशि दोनों शामिल हैं।

उन्होंने कहा, मेरठ की क्रांतिकारी धरती से मैं अपने वीर सैनिकों के परिवारों के लिए यह घोषणा करता हूं कि वीरता पुरस्कार पाने वालों को मिलने वाली एकमुश्त राशि और सालाना पेंशन, दोनों दोगुनी कर दी जाएंगी।

आदित्यनाथ ने कहा, फिलहाल परमवीर चक्र पाने वालों को 52 लाख रुपये की एकमुश्त राशि और 3,12,000 रुपये सालाना पेंशन दी जाती है। इसी तरह महावीर चक्र पाने वालों को 31 लाख रुपये की एकमुश्त राशि और 2,37,000 रुपये सालाना पेंशन मिलती है। वहीं, वीर चक्र पाने वालों को 20 लाख 80 हजार रुपये की एकमुश्त राशि और 1 लाख 37 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जाती है। अब इन सभी राशियों को दोगुना कर दिया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा, देश की रक्षा के लिए लगातार समझौते होते थे। सैन्‍य अभियानों पर लगातार प्रश्‍न उठाकर वीर सैनिकों की वीरता, पराक्रम और साहस को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास होता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में सैनिक स्कूल स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा, नया भारत अपने सैनिकों को सबसे अधिक प्राथमिकता देता है। आज भारत लगातार अपनी सशस्त्र सेनाओं की क्षमताओं को मजबूत कर रहा है, सैन्य संसाधनों का आधुनिकीकरण कर रहा है और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
'देश में फूट डालने वाले तत्वों से रहना होगा सावधान', अयोध्या में बोले CM योगी
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News