भदोही के स्पा सेंटर में नौकरी के बहाने देह व्यापार का दबाव, मालिक के खिलाफ FIR दर्ज

मना करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

भदोही : भदोही जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक स्पा सेंटर में नौकरी देकर एक महिला पर देह व्यापार का दबाव बनाने और मना करने पर मारपीट कर हत्या की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के अनुसार आजमगढ़ जिले की 25 वर्षीय विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने स्पा मालिक सुजीत कुमार यादव के खिलाफ बृहस्पतिवार देर शाम शहर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि महिला पिछले एक महीने से रजपुरा इलाके के स्पा सेंटर में काम कर रही थी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (SHO) सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि महिला की मुलाकात जौनपुर निवासी सुजीत कुमार यादव से आजमगढ़ में हुई थी। सुजीत ने खुद को भदोही के रजपुरा स्थित स्पा सेंटर का मालिक बताकर उसे नौकरी देने का वादा किया।

उन्होंने बताया नौकरी के नाम पर महिला उसके साथ यहां उसके स्पा सेंटर में आई और एक महीने से काम कर रही थी।

महिला के अनुसार, सुजीत ने उस पर अन्य लड़कियों की तरह देह व्यापार करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने गाली-गलौज कर बाल खींचे, जमीन पर पटककर मारा और देह व्यापार न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in