नशे में धुत एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से की एक बुजुर्ग महिला की हत्या

आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मंगलवार को नशे में धुत एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। झांसी ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि यह घटना सुबह जिले के खनुआ गांव में हुई, जहां 75 वर्षीय लाडली पटेल सुबह करीब नौ बजे अपने घर के बाहर बैठी थी, तभी स्थानीय व्यक्ति नाथूराम (45) उर्फ भोला नशे में धुत उनके पास आया और अचानक महिला पर फरसा (कुल्हाड़ी जैसा हथियार) से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस अधीक्षक कुमार ने बताया कि आदतन अपराधी और मादक पदार्थों का सेवन करने वाले नाथूराम की बुजुर्ग महिला से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। लाडली के परिवार ने भी पुष्टि की कि उनका आरोपी के साथ पहले कोई विवाद या झगड़ा नहीं था। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि नाथूराम गांव में अकेला रहता है और अविवाहित है। वह पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in