हावड़ा के चटर्जीहाट में महिला की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रुपयों की लेनदेन को लेकर हो रहा था विवाद
Howrah Crime News: Woman Stabbed to Death Over Monetary Dispute in Chatterjeehat, Accused Arrested
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: चटर्जीहाट थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने महिला की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान भारती हाजरा के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

फ्लैट के नीचे ही किया हमला

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारती हाजरा और आरोपी मैनाक एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। बताया जा रहा है कि मैनाक की माँ कैंसर से पीड़ित हैं और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। कुछ समय पहले भारती हाजरा ने मैनाक की माँ को गवाह बनाकर मैनाक से कुछ पैसे उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब भारती ने पैसे वापस नहीं किए, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा था।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

रविवार शाम को इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक बार फिर तीखी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मैनाक ने भारती हाजरा के फ्लैट के नीचे ही उन पर चाकू से हमला कर दिया और उनके गले पर वार कर दिया। लहुलूहान हालत में भारती देवी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चटर्जीहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी मैनाक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in