निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के बागनान स्थित एक निजी नर्सिंग होम में बच्चे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद 22 वर्षीय अनन्या जाना अदक की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
डॉक्टर की अनुपस्थिति और जानकारी छिपाने का आरोप
कल्याणपुर के बिरामपुर की रहने वाली अनन्या को रविवार को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने सामान्य प्रसव से बेटे को जन्म दिया। परिजनों का दावा है कि प्रसव के दौरान कोई विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद नहीं था और यह प्रक्रिया केवल नर्सिंग स्टाफ द्वारा कराई गई। आरोप है कि अत्यधिक रक्तस्राव से स्थिति बिगड़ने के बावजूद परिवार को समय पर सूचित नहीं किया गया, जिससे अनन्या की मौत हो गई।
नर्सिंग होम की सफाई और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बागनान थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। दूसरी ओर, नर्सिंग होम प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रसव स्त्री रोग विशेषज्ञ की देखरेख में ही हुआ था। अत्यधिक रक्तस्राव के बाद रक्त का प्रबंध भी किया गया था, लेकिन हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण महिला की मृत्यु हुई। नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है।