5 पन्नों का इस्तीफा! अमित शाह से मिले अन्नामलाई

नितिन नबीन, बीएल संतोष और अमित शाह से मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज, ‘तमिल फर्स्ट’ विचारधारा पर नए दल की तैयारी की चर्चा
5 पन्नों का इस्तीफा! अमित शाह से मिले अन्नामलाई
Published on

नई दिल्ली/चेन्नई : तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई को लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने कथित तौर पर पांच पन्नों का इस्तीफा भी सौंपा है।

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की और उन्हें अपनी लिखी एक पुस्तक भेंट की। इन लगातार बैठकों के बीच उनके भाजपा छोड़ने और नई राजनीतिक पार्टी बनाने की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

अन्नामलाई के करीबी सूत्रों का दावा है कि वह अगले सात से आठ महीनों के भीतर एक नए राजनीतिक संगठन की शुरुआत कर सकते हैं। प्रस्तावित पार्टी का फोकस ‘तमिल फर्स्ट’ और धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक सोच पर आधारित होगा। बताया जा रहा है कि यह दल तमिलनाडु में भाजपा और पारंपरिक द्रविड़ दलों के विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने की कोशिश करेगा।

सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई ऐसी राजनीतिक पार्टी की कल्पना कर रहे हैं, जो तमिल पहचान को राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ सके और मुद्दा आधारित राजनीति को प्राथमिकता दे।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से अन्नामलाई और भाजपा नेतृत्व के बीच कुछ मुद्दों को लेकर मतभेद बने हुए थे। विशेष रूप से विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार चयन और गठबंधन राजनीति को लेकर उनकी अलग राय सामने आई थी। अन्नामलाई का मानना रहा है कि भाजपा को तमिलनाडु में गठबंधन पर निर्भर रहने के बजाय अपना स्वतंत्र संगठनात्मक आधार मजबूत करना चाहिए।

हाल ही में उन्होंने केंद्र सरकार की सीबीएसई कक्षा 9 के छात्रों के लिए त्रिभाषा नीति लागू करने के फैसले पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने इसे तमिलनाडु के छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं से जुड़ा मुद्दा बताया था, जिसके बाद उनके और पार्टी नेतृत्व के रिश्तों को लेकर चर्चाएं और बढ़ गई थीं।

हालांकि, भाजपा या अन्नामलाई की ओर से नई पार्टी के गठन या इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in