निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कल्याणी (नदिया): नदिया जिले के कल्याणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मदनपुर शांतिनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार दोपहर नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपनी मां की डांट से नाराज होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मृतक छात्रा की पहचान 14 वर्षीय डालिया सिंह के रूप में हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार को ट्यूशन जाने की बात को लेकर डालिया का अपनी मां सोनमणि सिंह के साथ विवाद हुआ था। मां ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए डांटा था, जिसके बाद वह काफी उदास हो गई थी।
घटना के समय डालिया की मां काम पर चली गई थीं। कुछ देर बाद जब उसके पिता घर लौटे, तो उन्होंने डालिया को फंदे से लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डालिया की मां सोनमणि सिंह ने बताया कि डांटने के बाद उनकी बेटी से सामान्य बात हुई थी। काम पर निकलते समय डालिया ने ही अपनी मां से घर का दरवाजा बाहर से बंद करने को कहा था। मां ने उसे तकिया लेकर सोते हुए देखा था, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि एक घंटे के भीतर उनकी बेटी ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगी।
कल्याणी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आत्महत्या के पीछे केवल पढ़ाई का तनाव और मां की डांट थी या फिर कोई अन्य कारण भी शामिल है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है।